Ghaziabad Weather News: भीषण गर्मी से लोगों को कब मिलेगी राहत, पढ़िए IMD की भविष्यवाणी
Ghaziabad Weather News गाजियाबाद का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गाजियाबाद [दीपा शर्मा]। गाजियाबाद में लगातार चार दिन से भीषण गर्मी का कहर जारी है। अगले दो दिन लगातार अभी और गर्मी बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। सोमवार को जिले में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तामपान भी तीस डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में नमी 18 फीसद रही और गर्म हवा भी मध्यम, पश्चिमी दस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। चार दिन में लोगों को गर्मी से कुछ देर की भी राहत नहीं मिली।
भीषण गर्मी इंसान ही नहीं पशु-पक्षियों और वनस्पति को भी सता रही है। सोमवार को लोग लूं और जलाने वाली धूप से बचते नजर आए। चिलचिलाती धूप में घर से निकलना मुश्किल हो गया।
तीन दिन बाद गर्मी से राहत की उम्मीद
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिन में एक-दो दिन के लिए गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिक आरबी सिकेरा ने बताया कि लगातार चार दिन तापमान बढ़ा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहा। गर्म हवाएं दस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। वहीं मंगलवार और बुधवार दो दिन अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
न्यूनतम तापमान भी 30-31 डिग्री सेल्सियस ही बना रहेगा। गर्म हवाएं की रफ्तार घटकर तीन-पांच किलोमीटर तक चलने की संभावनाएं है। वातावरण में नमी 15 फीसद तक रहने का अनुमान है। बृहस्पतिवार से तापमान में गिरावट के आसार हैं। शनिवार और रविवार को बारिश होने से तापमान में 33 डिग्री सेल्सियस तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में पिछले तीन दिन से भीषण गर्मी पड़ रही है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी गर्मी से लोगों के पसीने निकल रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली में भी लू और तेज धूप से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही गर्मी पड़ेगी। हालांकि मई के अंत में बारिश लोगों को राहत दे सकती है। फिलहाल गर्मी की वजह से बिजली खपत भी बढ़ गई है।
ये भी पढ़ेंः Noida Weather News: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में गर्मी से लोग बेहाल, पारा पहुंचा 44 के पार