Ghaziabad News: रास्ते में छेड़खानी के बाद युवती के घर में घुसा युवक, रिपोर्ट दर्ज
Ghaziabad News खोड़ा थाना क्षेत्र में एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि एक युवक रास्ते में छेडखानी करने के बाद जबरदस्ती उसके घर में घुस गया है। युवती ने यह भी बताया कि आरोपी ने छह महीने पहले इतवार बाजार पुश्ता रोड पर उनका मोबाइल छीन लिया था।
गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ रास्ते में छेड़खानी करने वाले युवक ने सारी हदें पार कर दीं। उसने युवती के घर में घुसकर छेड़खानी की। युवती की शिकायत पर उसके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज हुई।
युवती खोड़ा थाना क्षेत्र में परिवार के साथ रहती है। युवती का आरोप है कि खोड़ा का ही दिलशाद उन्हें परेशान कर रहा है। करीब छह माह पहले उसने इतवार बाजार पुश्ता रोड पर उनका मोबाइल छीन लिया था। उसमें से उनके व्यक्तिगत फोटो व वीडियो अपने मोबाइल में ट्रांसफर कर लिया था। उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की थी। शोर मचाने पर वह उन्हें छोड़कर भागा था। लोकलाज के डर से उन्होंने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी।
जान से मारने की दी धमकी
अब फिर से एक माह से उन्हें रास्ते में छेड़ता है। विरोध करने पर चेहरे पर तेजाब फेंकने और जान से मारने की धमकी देता है। उससे परेशान होकर उन्होंने इसकी स्वजन को जानकारी दी। इस बीच मंगलवार को आरोपित युवक उनके घर में घुस गया। उनके साथ जबरदस्ती करने लगा। शोर मचाने पर वह भाग गया। बुधवार को उन्होंने इसकी पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ छेड़खानी व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की।
घर से नहीं निकल पा रही पीड़िता
युवती वारदात से काफी परेशान है। उसके दिल में डर बैठ गया है। डर की वजह से वह घर से बाहर नहीं निकल पा रही है। उसने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से छानबीन की जा रही है। उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: फ्लाइट में महिला पर पेशाब करने वाले शंकर मिश्रा जमानत के लिए फिर पहुंचे कोर्ट, इस वजह से नहीं हुई सुनवाई