UP Crime: सड़क किनारे मिला हरे रंग का सूटकेस, खुलते ही पुलिस के उड़े होश; इलाके में हड़कंप
लोनी बॉर्डर क्षेत्र में एक नहर के पास एक अज्ञात महिला का शव सूटकेस में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। महिला के शरीर पर चोट के निशान हैं और आशंका है कि उसकी हत्या कहीं और की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और मामले की जांच जारी है।
संवाद सहयोगी, लोनी। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र स्थित बेहटा नहर रोड किनारे श्याम बिल्डर्स के सामने मंगलवार सुबह एक हरे रंग के सूटकेस में अज्ञात महिला का शव मिला। शव मिलने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास किए लेकिन पहचान नहीं हो पाई।
अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को यहां ठिकाने लगाया गया है। मौके से फाेरेंसिक टीम ने जांच के लिए नमूने एकत्र किए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के जिलों व प्रदेशों की पुलिस से संपर्क किया है।
शिव वाटिका कालोनी बेहटा नहर रोड पर श्याम बिल्डर्स के सामने सुबह सात बजे हरे रंग के सुटकेस को देखकर राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सूटकेस खोला तो उसके अंदर करीब 30 वर्षीय महिला का शव मिला। हाथ पैर मोड़कर शव को सूटकेस में रखा गया था।
महिला की नाक पर चोट, मुंह पर खुन व गले पर निशान मिले हैं। इसके साथ ही महिला की मांग में सिंदूर व पैर में बिछिया हैं। इससे महिला के शादीशुदा होने की बात कही जा रही है। मौके पर डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और उसके बाद शव को सूटकेस में बंद कर यहां फेंका गया है। शव की शिनाख्त के प्रयास जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हाेगी और मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है पुलिस
मामले की जांच के लिए पुलिस इलेक्ट्रानिक सर्विलांस की मदद ले रही है। इसके साथ ही पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस के हाथ कोई महत्वपूर्ण सुराग नहीं लगे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले का पर्दाफाश और महिला की शिनाख्त के लिए कई रूटों पर सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी।
10 माह पूर्व अधजली महिला की शिनाख्त नहीं
जिस जगह सूटकेस में महिला का शव मिला है इससे पांच सौ मीटर की दूरी पर करीब 10 माह पूर्व बेहटा नहर मार्ग अंडरपास के पास सात सितंबर 2024 की सुबह अधजली हालत में 30 वर्षीय महिला का शव मिला था।
शव के पास पड़े हाथ के टूटे कड़े मिले थे, अंदेशा था कि हत्या से पहले महिला ने संघर्ष किया था। पुलिस ने मौके पर फाेरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत एकत्रित किए। लेकिन आज तक महिला की शिनाख्त नही हो सकी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।