Ghaziabad Rain News: बारिश के चलते सफाई अभियान बाधित, कई जगह हुआ जलभराव
बरसात के चलते कई जगह जलभराव भी हो गया। बरसात होने से शहर के लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत भी मिली।
गाजियाबाद [आयुष]। शहर में नगर निगम की ओर से लाया जा रहा सफाई अभियान बरसात के चलते बाधित हो गया। हालांकि बारिश रुकते ही अधिकारियों के निर्देश पर सफाई का काम दोबारा शुरू किया गया। वहीं, बरसात के चलते कई जगह जलभराव भी हो गया। बरसात होने से शहर के लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत भी मिली।
रुक-रुक कर होती रही बारिश
शुक्रवार रात शुरू हुई बारिश शनिवार दोपहर तक रुक-रुककर होती रही। इस कारण नगर निगम के अभियान के दूसरे दिन सफाई व दवा छिड़कने का काम बाधित हो गया। शुक्रवार सुबह काम शुरू नहीं हो पाया। दोपहर करीब 12 बजे बारिश के रुकने पर सफाई कार्य शुरू कराया गया।
सभी फॉगिंग मशीनों को किया जा रहा चेक
नगर आयुक्त डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि सभी फॉगिंग मशीनों को चेक किया गया था। आज सफाई के साथ फॉगिंग का काम भी शुरू कराया है। अधिकारियों के साथ मैं खुद अलग-अलग जगहों का निरीक्षण कर रहा हूं।
जलभराव से लोगों को दिक्कत
बरसात के चलते शहर भर में कई स्थानों पर जलभराव हो गया। गोविंदपुरम मालीवाडा पटेल नगर समेत दर्जनभर कॉलोनियों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गोविंदपुरम के सी ब्लॉक में टूटे नाले के चलते पूरी कॉलोनी जलमग्न हो गई। लोगों का आरोप है कि बीते चार साल से नाले की टूटी दीवार के चलते उनके यहां पानी भरा रहता है। बरसात में हालात और भी ज्यादा खराब हो जाते हैं। लगातार शिकायत के बावजूद भी सुनवाई नहीं हुई है।बता दें कि फिलहाल तीन दिनों के लिए पूरे उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन लगा दिया गया है। इस कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। हालांकि जैसे ही सोमवार सुबह पांच बजे के बाद जैसे ही लॉकडाउन हटेगा लोग फिर से अपनी दैनिक दिनचर्या पर लौटेंगे जिसके कारण जलभराव से फिर परेशानी होगी।