आज शाम से नहीं मिलेगा गंगाजल, ट्रांस हिंडन और नोएडा के लाखों लोगों को होगी परेशानी
रविवार से ट्रांस हिंडन और नोएडा के लाखों लोगों को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ेगा। सुबह के समय पानी की सप्लाई की जाएगी।
साहिबाबाद/गाजियाबाद, जेएनएन। गंगा नहर बंद होने के चलते रविवार शाम से प्रताप विहार स्थित प्लांट से ट्रांस हिंडन और नोएडा को गंगाजल नहीं मिलेगा। गंगा नहर को करीब एक माह के लिए बंद कर दिया है। ऐसे में रविवार से ट्रांस हिंडन और नोएडा के लाखों लोगों को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ेगा। सुबह के समय पानी की सप्लाई की जाएगी। ऐसे मे अधिकारियों ने लोगों से पानी स्टोर करने और कम से कम पानी प्रयोग करने की अपील की है।
वसुंधरा के लिए मिलता है 23 क्यूसेक गंगाजल
प्रताप विहार स्थित प्लांट से नगर निगम के वसुंधरा जोन में जलापूर्ति के लिए हर दिन 23 क्यूसेक (प्रति सेकेंड एक घन फुट पानी का बहाव) गंगाजल मिलता है। जल निगम गंगाजल को वसुंधरा, वैशाली, कौशांबी, बृज विहार आदि कॉलोनियों में आपूर्ति करता है। साथ ही नोएडा को भी यहां से गंगाजल दिया जाता है।
शुक्रवार की रात से बंद है हरिद्वार
शुक्रवार रात से गंगा नहर को हरिद्वार से बंद कर दिया गया। ऐसे में शनिवार को तो गंगाजल सप्लाई हो सकी लेकिन रविवार शाम को पानी नहीं मिल सकेगा। हालांकि गंगाजल के प्रोजेक्ट मैनेजर शुभेंदु चौधरी ने बताया कि कुछ पानी गंगाजल प्लांट में स्टोर है। इससे रविवार सुबह तक पानी की सप्लाई की जाएगी। शेष पानी नलकूपों से सप्लाई किया जाएगा।
सफल नहीं होते हैं वैकल्पिक इंतजाम
वसुंधरा निवासी सुनीता आनंद का कहना है कि दिवाली के समय हर साल गंगा नहर की सफाई के दौरान सप्लाई बंद होती है। इस दौरान नगर निगम व जीडीए पर्याप्त पानी नहीं दे पाता है। लोगों को बूंद -बूंद पानी के लिए तरसना पड़ता है। हालांकि नगर निगम के सहायक अभियंता सोमेंद्र तोमर ने बताया कि नलकूपों से पर्याप्त पानी की सप्लाई की जाएगी।
सफाई के लिए होता है बंद
जल निगम प्रोजेक्ट मैनेजर शुभेंदु चौधरी गंग नहर में सिल्ट की सफाई के लिए हरिद्वार से इसे बंद कर दिया गया है। फिलहाल ट्रांस हिंडन और नोएडा के लोगों को पानी की कुछ किल्लत रहेगी। नगर निगम नलकूपों से पानी की सप्लाई करेगा। लोगों से अपील है कि कम से कम पानी प्रयोग करें।