दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराई, बीबीए छात्र की मौत
खोड़ा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर यूपी गेट के पास दिल्ली जाने वाली लेन पर सोमवार रात ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। उसमें सवार बीबीए के छात्र की मौत हो गई। उसकी सहकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गई।
गाजियाबाद /साहिबाबाद [अवनीश मिश्र]। खोड़ा थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर यूपी गेट के पास दिल्ली जाने वाली लेन पर सोमवार रात ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। उसमें सवार बीबीए के छात्र की मौत हो गई। उसकी सहकर्मी (छात्र दिल्ली की एक कंपनी में नौकरी भी कर रहा था) गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक के पिता ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ खोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वैशाली सेक्टर-तीन के रिलायंस रेजीड में विजय कुमार सिंह परिवार के साथ रहते हैं। उनका 20 वर्षीय बेटा अमन बीबीए अंतिम वर्ष का छात्र था। करीब दो माह पहले उसने दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी शुरू की थी। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह दिल्ली स्थित कार्यालय के लिए निकला।
रात करीब साढ़े दस बजे उनकी पत्नी के मोबाइल पर प्रशांत कसाना नामक व्यक्ति की काल आई। उसने बताया कि अमन सड़क हादसे में घायल हो गया है। वह इंदिरापुरम के निजी अस्पताल में भर्ती है। विजय कुमार सिंह स्वजन के साथ आनन-फानन अस्पताल पहुंचे। पता चला कि उनके बेटे की मौत हो चुकी है। उसके साथ काम करने वाली रिजवी त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल है। उसका वैशाली के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
अज्ञात वाहन के पीछे से टक्कर मारने की आशंका : अमन की ब्रेजा कार दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर यूपी गेट के पास दिल्ली जाने वाली लेन पर डिवाइडर से टकराकर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। विजय कुमार सिंह ने आशंका जाहिर की है कि किसी वाहन ने पीछे से अमन की कार में टक्कर मारी है। इससे हादसा हुआ है। उन्होंने इसकी खोड़ा थाने में शिकायत दी। थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रिजेश कुमार कुशवाहा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन की जा रही है। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।