हिण्डन से उड़ान भरे विमान की पिथौरागढ़ में नहीं हो पायी लैंडिंग, देहरादून भेजा गया Ghaziabad News
हिण्डन से पिथौरागढ़ के लिए उड़े विमान की कम दृश्यता के कारण मंगलवार को लैंडिंग नहीं हो सकी। विमान को देहरादून भेजा गया है।
गाजियाबाद, [सौरभ पांडे]। हिंडन से पिथौरागढ़ के लिए नौ यात्रियों को लेकर गए हेरिटेज एविएशन के विमान की मंगलवार को लैंडिंग नहीं हो सकी। विमान को पिथौरागढ़ एयरपोर्ट के पास से ही देहरादून भेजा गया। वहां लैंडिंग कराई गई। उम्मीद थी कि कुछ देर में दोबारा पिथौरागढ़ के लिए रवाना किया जाएगा। हालांकि वहां भी कम दृश्यता कम होने के चलते उड़ान रद करनी पड़ी। अब बुधवार को विमान यात्रियों को पिथौरागढ़ लेकर रवाना होगा।
पिथौरागढ़ से विमान दोपहर साढ़े बारह बजे हिंडन पहुंचना था। यह मंगलवार को करीब डेढ़ घंटे देरी से दोपहर दो बजे हिंडन पहुंचा। यहां से एक बजे के स्थान पर करीब पौने तीन बजे पिथौरागढ़ के लिए उड़ान भरी। एयरलाइंस के अधिकारियों के अनुसार पिथौरागढ़ के पास पहुंचने पर बेहद कम दृश्यता के चलते वहां लैंडिंग में समस्या आई। इसके बाद विमान को देहरादून एयरपोर्ट पहुंचा और यहां इसे उतारा गया। यात्रियों को कहा गया कि कुछ देर में दृश्यता बेहतर होने पर दोबारा उन्हें पिथौरागढ़ के लिए रवाना किया जाएगा।
भैया दूज मनाने जा रहे लोगों को हुई परेशानी
हालांकि शाम तक दृश्यता बेहतर नहीं होने पर फ्लाइट को रद कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि दृश्यता बेहतर नहीं होने के चलते इसे रद किया गया है। अब बुधवार सुबह यात्रियों को लेकर विमान पिथौरागढ़ रवाना होगा। उधर, कंपनी की ओर से यात्रियों के रहने के लिए होटल की व्यवस्था की गई है। हालांकि भैया दूज मनाने पिथौरागढ़ जा रहे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
इससे पहले 14 और 15 अक्टूबर को विमान के लैंडिंग गियर में तकनीकी परेशानी की वजह से फ्लाइट को रद किया गया था। इसकी सूचना यात्रियों के मोबाइल पर मैसेज भेज कर दी गई थी। फ्लाइट रद होने पर विमान कंपनी के अधिकारियों और यात्रियों में नोकझोंक भी हुई थी। यात्रियों के टिकट के पैसे ऑन लाइन रिफंड कर दिए गए थे।
ये भी पढ़ेंः तस्वीरों में देखिए DTC बसों में महिलाओं के मुफ्त सफर का पहला दिन
DTC बसों में बुजुर्गों और छात्रों को भी मिल सकता है फ्री सफर का तोहफा, केजरीवाल ने दिए संकेत