मानसून की पहली बारिश के साथ ही शहर की बिजली गुल, लोगों को परेशानी
बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे मौसम अचानक बदला और कुछ ही देर में हवा आंधी में बदल गई। आंधी के साथ ही शहर की बिजली गुल हो गई।
गाजियाबाद (शाहनवाज अली) । मानसून की पहली बारिश के साथ ही बृहस्पतिवार की दोपहर शहर की बिजली गुल हो गई। हालांकि, बारिश ज्यादा देर तक नहीं हुई, लेकिन आंधी के साथ आई बारिश में विद्युत निगम को शटडाउन लेना पड़ा। एेसे में उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुवार की दोपहर अचानक बदला मौसम और शुरू हुई तेज आंधी
बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे मौसम अचानक बदला और कुछ ही देर में हवा आंधी में बदल गई। आंधी के साथ ही शहर की बिजली गुल हो गई। विद्युत निगम ने किसी भी फाल्ट से बचने के लिए शटडाउन ले लिया। करीब आधे घंटे से अधिक बिजली बंद रही। अभी मानसून की शुरुआत भर है और बारिशों का लगातार आना बाकी है।
निगम कर रहा निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावे
बारिश के बीच उमस भरी गर्मी में बिजली का न होना ज्यादा रुलाएगा। निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विद्युत निगम तमाम दावे कर रहा है, लेकिन अभी शहर व आसपास के इलाकों में आंधी बारिश के बीच बिजली आपूर्ति सुचारू करना दूर की कौड़ी दिखाई दे रही है। दोपहर में गई बिजली के दौरान उमस के चलते लोग घरों से बालकनी पर आ गए। हालांकि, बारिश रूकने के साथ ही करीब आधा घंटा बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू हो गई।
अधिकारी ने कहा
आंधी में किसी भी फाल्ट व बड़े हादसे से बचने के लिए शटडाउन लिया जाता है। आंधी-बारिश में किसी भी फाल्ट होने पर विद्युत निगम की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे ठीक कर आपूर्ति सुचारू कर रही है।
आरके राणा, मुख्य अभियंता
इधर बता दें कि दोपहर की बारिश से गुरुवार को लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन पूरे दिन उमस भरी गर्मी से बुरा हाल है। हालांकि शाम होते ही फिर बादल छा गए। सुबह की बारिश से तापमान में तो गिरावट आई वहीं, मौसम भी सुहावना हुआ है। शुक्रवार की सुबह आंधी के साथ बारिश की संभावना है। एसबी सिकेरा का कहना है कि एक दो दिन में मानसून के भी दस्तक देने की अनुमान लगाया जा रहा है।