रात में अचानक मकान की छत पर चढ़ा सांड़, जानें फिर क्या हुआ Ghaziabad News
लोनी के बॉर्डर थाना क्षेत्र की मधुबन कॉलोनी में रविवार रात एक गोवंश (सांड़) मकान की छत पर चल गया।
गाजियाबाद [अजय सक्सेना]। लोनी के बॉर्डर थाना क्षेत्र की मधुबन कॉलोनी में रविवार रात एक गोवंश (सांड़) मकान की छत पर चल गया। छत पर चढ़े सांड़ को देखने के लिए लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। नगरपालिका टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सांड़ को नीचे उतारा।
जानकारी के अनुसार, बॉर्डर थाना क्षेत्र की मधुबन कॉलोनी में शेखर प्रजापति परिवार के साथ रहते हैं। रविवार रात उनके मकान का गेट खुला हुआ था। देर रात एक सांड़ सीढ़ियों के रास्ते उनके मकान की छत पर चढ़ गया। सुबह पड़ोसियों ने जब सांड़ को छत पर देखा तो वे हैरान हो गए। उसे देखकर मकान मालिक को इसकी जानकारी दी।
कड़ी मशक्कत के बाद उतारा गया
सूचना पाकर राहुल गोला गोरक्षक अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और नगर पालिका कर्मचारियों को सूचना दी। नगर पालिका से एक ट्रैक्टर ट्रॉली मंगवा कर उसे उतारने का प्रयास किया। ग्रिल तोड़कर सांड़ को छत से नीचे उतारा गया। करीब 3:30 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सांड़ को छत से उतारा गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान सांड़ को कोई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि ग्रिल तोड़ने से मकान मालिक को थोड़ा नुकसान जरूर उठाना पड़ा। यह घटनाक्रम इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सीढ़ी से नीचे नहीं उतर पा रहा था सांड़
जानकारी के मुताबिक, मकान की संकरी सीढ़ियां होने की वजह से सांड़ नीचे नहीं उतर पा रहा था। वह छत के ऊपर कभी इधर तो कभी उधर भटकता रहा। छत से नीचे उतरने की कोशिश कर रहे सांड़ को काफी परेशानी हुई। हालांकि उसे समय रहते नीचे सकुशल उतार लिया गया।
इससे पहले इसी साल सितंबर महीने में दक्षिणी दिल्ली में एक इमारत की चौथी मंजिल पर एक सांड़ चढ़ गया था। सांड़ ने नीचे उतरने की काफी कोशिश की थी लेकिन वह नहीं उतर पाया था। भीड़ को देखकर घबराया सांड़ अचानक चौथी मंजिल से ही नीचे कूद गया था। इससे उसकी मौत हो गई थी।