यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नोएडा के बाद गाजियाबाद में भी सामने आया ऑनलाइन ठगी का मामला
पिछले एक सप्ताह से कंपनी मालिक ऑफिस बंद कर फरार है और लगातार निवेशक ऑफिस के चक्कर लगा रहे हैं।

गाजियाबाद (जेएनएन)। सोशल ट्रेडिंग (सोशल मीडिया पर प्रोडक्ट और पर्सन प्रमोशन) के नाम पर करीब 12 लाख लोगों से 37 सौ करोड़ की ठगी करने वाली एब्लेज कंपनी के बाद राजनगर आरडीसी स्थित एक कंपनी द्वारा सैकड़ों लोगों से ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। पिछले एक सप्ताह से कंपनी मालिक ऑफिस बंद कर फरार है और लगातार निवेशक ऑफिस के चक्कर लगा रहे हैं। पूरा मामला कविनगर थाना क्षेत्र का है।
वहीं, मंगलवार सुबह लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कंपनी के ऑफिस के ताले तोड़कर भीतर ऑफिस का सामान उठा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सामान वापस रखवाया और ऑफिस पर ताला लगाकर लोगों को शांत किया।
यह भी पढ़ेंः STF ने किया 3700 करोड़ के घोटाले का पर्दाफाश, देशभर के 7 लाख लोग फंसे
लोगों का आरोप है कि उनके लाखों रुपये कंपनी में फंसे हैं और कंपनी मालिक गायब हो गया है। इस मामले में फिलहाल पुलिस को लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।
राजनगर आरडीसी में बीकानेर के पास नेहरूनगर निवासी एक व्यक्ति ने सितंबर 2016 में कंपनी शुरू की थी। पीड़ितों के मुताबिक कंपनी के कर्मचारियों द्वारा सोशल ट्रेडिंग में निवेश करने के नाम पर 35 सौ रुपये से एक लाख रुपये तक का निवेश कराया जाता था और सोशल साइट पर प्रतिदिन लाइक के नाम पर पैसे, कार और इलेक्ट्रॉनिक आइटम दिए जाते थे। इसके चलते सैकड़ों लोगों ने कंपनी में निवेश किया हुआ था।
