यूपी चुनाव: अखिलेश यादव की गाजियाबाद में जनसभा, गठबंधन के प्रत्याशी के लिए करेंगे प्रचार
नोएडा विधानसभा पर प्रचार के लिए पार्टी महासचिव सतीश चंद्र मिश्र सात फरवरी के पहले ही यहां आएंगे।
गाजियाबाद (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 के प्रथम चरण का मतदान 11 फरवरी को होना है। प्रथम चरण में राज्य के 15 जिलों में 73 सीटों के लिए 11 फरवरी को मतदान होगा, इनमें गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद की 11 सीटें शामिल हैं। मतदान में अब सिर्फ 10 दिन शेष हैं, ऐसे में सभी दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।
प्रदेश के सभी 403 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले मतदान की तारीख ज्यों-ज्यों नजदीक आ रही है, त्यों-त्यों प्रत्याशियों की धड़कनें भी बढ़ रही हैं। हर पार्टी का प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए अपने शीर्ष नेताओं से क्षेत्र में प्रचार कराने की जुगत में लगा है। सभी पार्टियों के शीर्ष नेता भी अपने ज्यादा से ज्यादा प्रत्याशियों को विजयी बनवाने के लिए उनके क्षेत्रों में पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
जहां एक दिन पहले यानी सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया। वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री व सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव एक फरवरी को गाजियाबाद में सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी के लिए प्रचार करेंगे। इसी दिन यानी एक फरवरी को ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य नोएडा में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे।
सपा अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के एक फरवरी को प्रस्तावित मसूरी आगमन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। भाषण स्थल पर जनपद के अनेक प्रशासनिक अधिकारी तथा सपा नेताओं की आवाजाही शुरू हो गई है।
यह क्षेत्र धौलाना विधानसभा में है जहां से मौजूदा विधायक धर्मेश तोमर सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी हैं। सभा के लिए मसूरी में कई मैदानों को देखा गया। प्रशासन ने अंत में एनएच 24 स्थित मदनी एंक्लेव को हरी झंडी दे दी। हरी झंडी मिलने के बाद तत्काल ही मदनी एंक्लेव के लंबे चौड़े मैदान की सफाई शुरू कर दी गई। ऊबड़ खाबड़ भूमि को दो जेसीबी की मदद से प्लेन किया जा रहा है। थाना प्रभारी भी मौके पर डेरा डाले हैं। जनसभा का समय सुबह 11 बजे से है।
माया की गाजियाबाद व सतीश मिश्रा की नोएडा में रैली
नोएडा विधानसभा के बसपा प्रत्याशी रविकांत मिश्र ने बताया कि बहन मायावती की रैली सात फरवरी को गाजियाबाद में होनी सुनिश्चित हुई है। यहीं से वह गौतमबुद्ध नगर, बुलंद शहर, बागपत व हापुड़ समेत कई जनपद के बसपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाएंगी। इन सभी जनपदों के अधिकांश प्रत्याशी सात फरवरी को पूरे लाव-लश्कर के साथ गाजियाबाद पहुंचेंगे।
वहीं नोएडा विधानसभा पर प्रचार के लिए पार्टी महासचिव सतीश चंद्र मिश्र सात फरवरी के पहले ही यहां आएंगे। हालांकि उनके कार्यक्रम की तारीख अभी तय नहीं हुई है। रवि मिश्रा ने बताया कि एक-दो दिन में उनके कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा तैयार हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि हमारी पार्टी का हर कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क कर रहा है। बहन मायावती ने गौतमबुद्ध नगर जनपद में सबसे ज्यादा विकास का कार्य कराया है, इसलिए यहां के मतदाता बसपा को विजयी बनाएंगे।