1153 छात्राओं की फीस नगर निगम भरेगा : मेयर
नगर निगम पर 652900 रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : नगर निगम के बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाली 1153 छात्राओं की फीस नगर निगम भरेगा। इसके लिए नगर निगम पर 6,52,900 रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। मेयर आशा शर्मा ने इसके लिए नगर आयुक्त को पत्र लिखा था, जिसके बाद नगर आयुक्त डॉ. दिनेश चंद्र ने यह जानकारी दी। आगामी कार्यकारिणी की बैठक में गरीब छात्राओं की फीस भरने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
जिले में नगर निगम के छह बालिका विद्यालय हैं। इनमें आठवीं कक्षा तक छात्राओं को निश्शुल्क शिक्षा का प्रावधान है। 9-12वीं तक 100 रुपये प्रतिमाह के करीब फीस भरनी होती है। फीस 6-6 माह की दो किस्त में भरी जाती है। लॉकडाउन के चलते नगर निगम के बालिका विद्यालय में पढ़ने वाली कई छात्राओं के स्वजन फीस नहीं भर पाए थे। उन्होंने प्रधानाचार्य से फीस माफ करने का अनुरोध किया था। नगर आयुक्त ने बताया कि स्कूलों की प्रधानाचार्यो से मिले पत्र के आधार पर फीस जमा नहीं करा पाने वाली छात्राओं की जानकारी ली गई है। इनकी फीस नगर निगम की ओर से भरे जाने का प्रस्ताव मेयर को भेजा गया था। इस पर उन्होंने सहमति जताई है। उन्होंने पूरे साल की फीस माफ करने के लिए लिखा है। 9-12वीं तक पढ़ने वाली 1153 छात्राओं की 6-6 माह की फीस की एक किस्त का भुगतान नगर निगम करेगा। कार्यकारिणी में प्रस्ताव पास कराने के बाद दूसरी किस्त पर फैसला लिया जाएगा। नगर निगम के स्कूलों में गरीब व वंचित तबके से आनी वाली बच्चियां पढ़ाई करती हैं। कोरोना के चलते लॉकडाउन में कई बच्चियों की फीस उनके स्वजन नहीं भर पाए थे। ऐसी बच्चियों की फीस का भुगतान नगर निगम करेगा।
- आशा शर्मा, मेयर, गाजियाबाद।