मुलायम सिंह यादव की तबीयत बिगड़ी, पहुंचे अस्पताल
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की तबीयत सोमवार को एक बार फिर बिगड़ गई। उन्हें कौशांबी के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। तमाम जांच के बाद उन्हें सोमवार शाम को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जांच में सामने आया कि उनकी पेशाब की नली में रुकावट है। मंगलवार को थूलियम लेजर विधि से उनका एक छोटा सा ऑपरेशन किया जाए सकता है। उधर अस्पताल के बाहर उनके समर्थकों की भीड़ जुटी रही।
जागरण संवाददाता, कौशांबी (गाजियाबाद): उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की तबीयत सोमवार को एक बार फिर बिगड़ गई। उन्हें कौशांबी के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। तमाम जांच के बाद उन्हें शाम को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जांच में सामने आया कि उनकी पेशाब की नली में रुकावट है। मंगलवार को थूलियम लेजर विधि से उनका एक छोटा सा ऑपरेशन किया जाए सकता है। उधर, अस्पताल के बाहर उनके समर्थकों की भीड़ जुटी रही।
पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव सोमवार दोपहर करीब दो बजे अपने चाचा मैनपुरी से सपा सांसद मुलायम सिंह यादव को लेकर कौशांबी स्थित यशोदा सुपरस्पेशलिटी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुट गई। मुलायम सिंह को पेशाब करने में दिक्कत आ रही थी। वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. असित खन्ना की अगुवाई में उनकी जांच की गई। साथ ही दवा दी गई। जांच में सामने आया कि उनकी पेशाब की नली में रुकावट है। डॉक्टरों ने उन्हें सलाह दी कि थूलियम लेजर विधि ऑपरेशन करना होगा। इसके बाद उनका प्री एनेस्थीसिया टेस्ट हुआ। टेस्ट में वह ऑपरेशन के लिए पूरी तरह फिट पाए गए। दवाओं से आराम आने के बाद शाम करीब छह बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। यहां से वह दिल्ली स्थित आवास के लिए रवाना हो गए। वहीं, डॉक्टरों की सलाह के बाद मंगलवार को वह ऑपरेशन के लिए अस्पताल आ सकते हैं।
अस्पताल के मैनेजिग डायरेक्टर डॉ. पीएन अरोड़ा ने बताया कि डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की है। इसके बाद उन्हें थूलियम लेजर विधि से ऑपरेशन की सलाह दी गई है। उनके ऑपरेशन की सभी तैयारियां कर ली गई हैं। अगर वे आते हैं तो डॉक्टरों की टीम मंगलवार को उनका ऑपरेशन करेगी। गौरतलब है कि बीते 15 दिन में ही मुलायम सिंह को तीसरी बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। इससे पूर्व शुगर बढ़ने के चलते वह पीजीआइ लखनऊ और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। रविवार को ही उन्हें मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिली थी। उधर, सपा समर्थकों का अस्पताल के बाहर तांता लगा रहा। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने किसी को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप