मिग्सन किआन सोसायटी के निवासियों का बिल्डर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
मिग्सन किआन सोसायटी के निवासियों ने वैशाली में बिल्डर के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने रजिस्ट्री न कराने, सुविधाओं की ...और पढ़ें

लोग कर रहे प्रदर्शन
HighLights
निवासियों ने बिल्डर पर रजिस्ट्री न कराने और सुविधाएं न देने का आरोप लगाया।
मेंटेनेंस शुल्क लेने के बाद भी सोसायटी में सुविधाएं उपलब्ध नहीं।
बिल्डर ने दो-तीन महीने में रजिस्ट्री शुरू करने का वादा किया।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। अटल चौक वसुंधरा स्थित मिग्सन किआन सोसायटी के निवासियों ने वैशाली सेक्टर-4 में बिल्डर के आफिस पर जोरदार प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे तक निवासी प्रदर्शन कर बिल्डर को वार्ता के लिए बुलाने पर अड़े रहे। निवासियों ने बिल्डर पर रजिस्ट्री न कराने और मेंटेनेंस शुल्क लेने के बाद भी सुविधाएं उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया है।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे सोसायटी परिसर में एकत्रित होकर निवासी वैशाली में बिल्डर के आफिस पहुंचे। स्थानीय निवासी प्रफुल्ल जैन ने बताया कि सभी सुविधाओं पर बिल्डर ने अपना वायदा पूरा नहीं किया है जबकि दो-दो साल का एडवांस मेंटेनेंस निवासियों से जमा कराया गया है।
तीन-चार महीने से नहीं मिला वेतन
उन्होंने बताया कि सोसायटी में हाउस कीपिंग और सिक्योरिटी गार्ड ने भी तीन-चार महीनों से वेतन न मिलने पर कामकाज ठप किया है। निवासियों का आरोप है कि बिल्डर ने तीन साल से भी ज्यादा समय पहले निवासियों को पूरा भुगतान करने और पजेशन लेने पर मजबूर किया, लेकिन बिल्डर न तो सोसायटी की ओसी हासिल कर सका है और न ही सीसी।
रजिस्ट्री कराने के नाम पर हर बार कोई बहाना बनाता है। सोसायटी की वरिष्ठ नागरिक कल्पना गुप्ता ने बताया कि बिल्डर ने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया। राजेश्वर सिंह ने कहा कि फ्लैट में जीवन की पूंजी लगी है, लेकिन आज तक अपने फ्लैट का कानूनी रूप से मालिकाना हक नहीं मिला है।
सचिन श्रीवास्तव ने भी बिल्डर पर काम पूरा न करने और बहुत ज्यादा मेंटेनेंस चार्ज करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में रत्नेश कोटियाल, अवनीश मिश्रा, सुरेंद्र चावला, केशव कुमार, हिमांशु, राज भदौरिया, रेणु गुप्ता, रोहित दीक्षित, करुणेश शुक्ला, अमित शुक्ला आदि मौजूद रहे।
कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट ने किया जल्द रजिस्ट्री का वायदा
बिल्डर की ओर से कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट राजीव ने स्थानीय लोगों से वार्ता की। निवासियों ने बताया कि कंपनी प्रतिनिधियों ने सोसायटी के बचे कामों को पूरा कराने और दो से तीन महीने के भीतर रजिस्ट्री शुरू कराने का वादा किया है।
