विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत से चीन तक 'टेली-सर्जरी', मैक्स वैशाली के डॉक्टरों ने 5000 KM दूर से कंट्रोल किया रोबोट; कामयाब रहा ट्रायल

Published: Thu, 24 Sep 2026 08:14 PM (IST)

वैशाली के मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हास्पिटल के डॉक्टरों ने चीन में 5000 किलोमीटर दूर लाइव रोबोटिक टेली-सर्जरी का सफल प्रदर्शन किया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मैक्स अस्पताल ने चीन में 5000 किमी दूर रोबोटिक टेली-सर्जरी की।

  2. डॉ. विवेक बिंदल ने दूरस्थ सर्जरी तकनीक का सफल प्रदर्शन किया।

  3. भविष्य में अंतरराष्ट्रीय सर्जिकल सहयोग की संभावनाओं को तलाशा जा रहा है।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। वैशाली के मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हास्पिटल के डाक्टरों ने बृहस्पतिवार को भारत से पांच हजार किलोमीटर दूर चीन में क्रास-बार्डर लाइव रोबोटिक टेली-सर्जरी का प्रदर्शन किया।

इस दौरान भारत में मौजूद सर्जिकल टीम को चीन के चेंगदू में स्थित एक रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम से जोड़ा गया। इसका उद्देश्य दूर से सर्जरी करने की तकनीकी परखना और भविष्य में अलग-अलग देशों के विशेषज्ञों के बीच सर्जिकल सहयोग व टेली-मेंटोरिंग की संभावनाओं को समझना था। ये जानकारी डाक्टर ने प्रेसवार्ता कर दी।

लाइव टेली-सर्जरी मिनिमल एक्सेस, बैरिएट्रिक एंड रोबोटिक सर्जरी विभाग के प्रिंसिपल डायरेक्टर व हेड डा. विवेक बिंदल ने बोर्न रोबोटिक्स सिस्टम के सहयोग से किया।

इसका उद्देश्य यह जांचना था कि एक सर्जन के हाथों की गतिविधियों और आपरेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण दृश्य जानकारी को अंतरराष्ट्रीय दूरी तक कितनी सटीकता और तेजी से पहुंचाया जा सकता है, ताकि काम्प्लेक्स सर्जिकल प्रक्रियाओं में दूर से हस्तक्षेप की संभावनाओं का आकलन किया जा सके।

प्री-क्लिनिकल टेली-सर्जरी के दौरान पशु मॉडल पर गॉल ब्लेडर निकालने की सर्जरी, पेट की सर्जरी, गर्भाशय निकालने की सर्जरी और किडनी से संबंधित सर्जरी जैसी प्रक्रियाएं की गईं। इसमें दिखाया गया कि भारत में बैठे सर्जन करीब पांच हजार किलोमीटर दूर दूसरे देश में मौजूद रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम को नियंत्रित कर सकते हैं।

यह संभव एडवांस्ड रोबोटिक तकनीक और हाई-स्पीड कनेक्टिविटी के माध्यम से हुआ। हॉस्पिटल के डायरेक्टर डा. गौरव अग्रवाल ने कहा कि मैक्स हेल्थकेयर में हम मरीजों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए लगातार नवीनतम तकनीकी प्रगति को चिकित्सा सेवाओं में शामिल कर रहे हैं। क्रास-बार्डर रोबोटिक टेली-सर्जरी अभी परीक्षण के चरण में है।