विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद की मंजू नयाल का एशियन गेम्‍स 2026 में दिखेगा जलवा, इस खेल के खिलाड़‍ियों का भाग्‍य तय करते हुए आएंगी नजर

Published: Wed, 09 Sep 2026 03:23 PM (IST)Updated: Wed, 09 Sep 2026 03:24 PM (IST)

मंजू नयाल जापान में होने वाले एशियन गेम्स आइची-नागोया 2026 में कुराश स्पर्धा में भारत की ओर से इंटरनेशनल टेक्निकल ऑफिशियल बनेंगी।

जापान में भारत का मान बढ़ाएंगी मंजू नयाल

जापान में भारत का मान बढ़ाएंगी मंजू नयाल

HighLights

  1. मंजू नयाल एशियन गेम्स 2026 में इंटरनेशनल टेक्निकल ऑफिशियल बनेंगी।

  2. वह देश की पहली 3-स्टार इंटरनेशनल महिला कुराश रेफरी हैं।

  3. उनकी उपलब्धि से गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश का मान बढ़ा।

शाहनवाज अली, गाजियाबाद। जापान में होने वाले एशियन गेम्स आइची-नागोया 2026 में गुरुकुल द स्कूल के स्पोर्ट्स एजुकेशन विभाग की कोआर्डिनेटर और कुराश प्रशिक्षक मंजू नयाल भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

वह कुराश स्पर्धा में इंटरनेशनल टेक्निकल आफिशियल (रेफरी) की भूमिका निभाएंगी। तीन-स्टार इंटरनेशनल रेफरी का दर्जा हासिल करने वाली देश की पहली महिला मंजू की इस उपलब्धि से स्कूल के साथ ही गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश का नाम भी अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर रोशन होगा।

एशियन गेम्स का उद्घाटन 19 सितंबर को जापान के आइची-नागोया में होगा। कुराश स्पर्धा में इंटरनेशनल टेक्निकल ऑफिशियल के तौर पर भाग लेने के लिए मंजू नयाल 21 सितंबर को भारत से रवाना होंगी और 22 सितंबर को जापान पहुंचेंगी। एक अक्टूबर को जापान से वापसी के बाद दो अक्टूबर को भारत लौटेंगी।

बेटियों के लिए बन रहीं प्रेरणा

स्कूल के निदेशक सचिन वत्स और प्रधानाचार्य गौरव बेदी ने कहा कि जापान में अंतरराष्ट्रीय अधिकारी के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करना गाजियाबाद और पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है।

उनकी उपलब्धि बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगी।

मंजू नयाल ने अपनी सफलता का श्रेय द इंडिया कुराश एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं एशियन गेम्स के टेक्निकल डायरेक्टर रवि कपूर और संस्था के सचिव विक्रांत कुमार को दिया।

उन्होंने कहा कि दोनों ने उन्हें हमेशा पूरा सहयोग और प्रोत्साहन दिया। स्कूल प्रबंधन ने भी हर कदम पर उनका साथ दिया।

2010 से अंतरराष्ट्रीय सफर

मंजू नयाल वर्ष 2010 में जूनियर वर्ल्ड कुराश चैंपियनशिप की आयोजन समिति का हिस्सा रहीं। 2015 में चीनी ताइपे में आयोजित जूनियर एशियन कुराश चैंपियनशिप में भारतीय टीम की कोच के रूप में प्रतिनिधित्व किया।

2024 में बी-लाइसेंस कोच बनने के साथ ही उन्होंने एक-स्टार इंटरनेशनल रेफरी का दर्जा हासिल किया। इसी वर्ष कजाकिस्तान के नोमेड गेम्स और रूस के चिल्ड्रेन ऑफ एशिया गेम्स में रेफरी की भूमिका निभाई।

2025 में बहरीन में आयोजित तीसरे एशियन यूथ गेम्स में रेफरी बनीं और इसी वर्ष दो-स्टार इंटरनेशनल रेफरी का दर्जा हासिल किया।

वर्ष 2026 में वह देश की पहली महिला तीन-स्टार इंटरनेशनल रेफरी बनीं। अब एशियन गेम्स में उनकी अगली अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी देश के लिए नया अध्याय जोड़ेगी।