एक हजार चोरी कर चुका मुखलाल साथी संग गिरफ्तार
जागरण संवाददाता गाजियाबाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 साल से सक्रिय कुख्यात चोर मुखलाल को नगर
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 साल से सक्रिय कुख्यात चोर मुखलाल को नगर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को उसके साथी संग गिरफ्तार किया है। आरोपितों से 22 लाख रुपये और करीब 24 लाख रुपये के गहने बरामद हुए हैं। 10 दिन पूर्व ही यह माल दिल्ली गेट में रहने वाली मनीषा सिघल के घर से चोरी किया था। राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने भी इस मामले में एसएसपी कलानिधि नैथानी से संपर्क कर जल्द पर्दाफाश की बात कही थी। पुलिस का दावा है कि मुखलाल ने एक हजार से भी अधिक चोरियों को अंजाम दिया है। वह गांजा तस्करी भी बड़े पैमाने पर करता है। पुराने नोट भी मिले
एसपी सिटी प्रथम अभिषेक वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मुरादनगर निवासी मुखलाल और नूरनगर की झोपड़ियों में रहने वाले सलमान के रूप में हुई है। इन्हें दारोगा विकास शर्मा व मनीष चौधरी की टीम ने गिरफ्तार किया है। मुखलाल अभी तक 17 बार गिरफ्तार हो चुका है। बीते साल कविनगर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कर जेल भेजा था। लाकडाउन से ठीक पहले जेल से बाहर आए मुखलाल ने पांच दिसंबर की रात पीछे के रास्ते मनीषा सिघल के घर में घुसकर 37 लाख रुपये और आधा किलो सोने व कुछ चांदी के गहने चोरी कर लिए थे। घटना के वक्त मनीषा बहन व मां के साथ जीजा के घर गोविदपुरम गई थीं। चोर पुरानी करंसी के एक हजार व 500 के 5-5 नोट भी चोरी कर ले गए थे। इन्हें भी बरामद कर लिया है।
वापस मिली कमाई तो छलकी आंखें
पर्दाफाश के समय नगर कोतवाली पहुंची मनीषा की आंखें पुलिस का आभार जताते समय छलक पड़ीं। वह सिघासन पर विराजमान ठाकुरजी को लेकर पहुंची थीं। कहा कि 26 साल पहले पिता की मौत के बाद मनीषा, अपनी दो बहन व मां के साथ इलेक्ट्रानिक एप्लाइंसेज की एक दुकान चलाती हैं। बीते साल एक बहन की शादी हो गई थी। रोते हुए बोलीं कि हमारी कुल जमा-पूंजी यही थी। करोड़ों की संपत्ति इकट्ठी कर ली
सीओ प्रथम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि सूचना के आधार पर ही मुखलाल को गिरफ्तार किया गया है। चोरी के बाद उसने पूरा सामान मुरादनगर स्थित अपने घर में ही जमीन के तीन फीट नीचे दबा दिया था। यह उसका पुराना तरीका है। मुखलाल का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया। आरोपित मुखलाल 15 साल से चोरियां कर रहा है और बंद मकानों को ही निशाना बनाता है। आरोपित ताले काटने में माहिर है। मूलरूप से मुरादाबाद के रहने वाले मुखलाल की मेरठ और गाजियाबाद में 5-6 जगह जमीन व भवन हैं, जिन्हें उसने किराये पर दे रखा है। एक और प्लाट खरीदने को मुखलाल ने मनीषा के घर से चोरी के 10 लाख रुपये प्रापर्टी डीलर को दे दिए थे। 15 लाख रुपये उसने अपने गिरोह के अलग-अलग साथियों को दे दिया है।
----
अब कसेगी पुलिस शिकंजा
नगर कोतवाल संदीप सिंह ने बताया कि मुखलाल के गिरोह में कई युवतियां भी हैं। पूर्व में थाना कविनगर पुलिस ने उसे महिला साथियों संग भी गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपित के खिलाफ करीब 100 मुकदमे दर्ज हैं। कोतवाल का कहना है कि अपराध से कमाई संपत्ति के दस्तावेज भी मिले हैं। आरोपित के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कर यह संपत्ति जब्त कराई जाएगी।