व्हील लॉक ने बचाई बाइक, चोरी का प्रयास करने वाला दबोचा
वाहन चोरों से बचने के लिए बाइक में व्हील लॉक लगाने का फायदा एक युवक को शनिवार रात को मिला जब चोर बाइक को स्टार्ट कर जाने लगा। व्हील लॉक लगे होने के कारण चलते ही बाइक गिर गई और बाइक के मालिक को पता चला गया। घटना विजयनगर थानाक्षेत्र की है जिसके बाद मालिक ने पड़ोसियों की मदद से आरोपित को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। विजयनगर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : वाहन चोरों से बचने के लिए बाइक में व्हील लॉक लगाने का फायदा एक युवक को शनिवार रात को मिला, जब चोर बाइक को स्टार्ट कर जाने लगा। व्हील लॉक लगे होने के कारण चलते ही बाइक गिर गई और बाइक के मालिक को पता चला गया। घटना विजयनगर थानाक्षेत्र की है, जिसके बाद मालिक ने पड़ोसियों की मदद से आरोपित को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। विजयनगर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विजयनगर की चरण सिंह कालोनी में रहने वाले तेजवीर सिंह नोएडा की निजी कंपनी में जॉब करते हैं। शनिवार की शाम को उन्होंने घर के बाहर अपनी होंडा शाइन बाइक खड़ी की और व्हील लॉक लगा दिया। रात नौ बजे वह छत पर चाय पीते हुए टहल रहे थे तभी किसी वाहन के गिरने की आवाज आई। उन्होंने नीचे देखा तो उनकी बाइक गिरी हुई थी और एक युवक वहां से भागने का प्रयास कर रहा था। तेजवीर ने आवाज लगा नीचे खड़े पड़ोसियों से युवक को पकड़ने के लिए कहा और खुद भी नीचे पहुंच गए। लोगों ने आरोपित को पकड़कर उसकी धुनाई की और फिर पुलिस को सौंप दिया। तेजवीर के मुताबिक क्षेत्र से बीते कुछ समय में 5-6 बाइक चोरी हो चुकी हैं। शनिवार को आरोपित पहले भी एक बाइक चोरी कर जा चुका था।
विजयनगर एसएचओ श्यामवीर सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान जीतू के रूप में हुई है, जो विजयनगर का ही रहने वाला है। उससे पूछताछ में कुछ साथियों के नाम भी पता चले हैं। जीतू को जेल भेजकर अन्य की तलाश शुरू कर दी गई है।