भोपुरा की तर्ज पर निपटाएंगे लोनी तिराहे का जाम
मुख्य तिराहे पर लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए अधिकारियों ने कवायद शुरू कर दी है। अधिकारियों ने भोपुरा तिराहे की तर्ज पर लोनी तिराहे का जाम निपटाने का निर्णय लिया है। जल्द ही तिराहे पर टी प्वाइंट बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। लोनी तिराहे पर प्रतिदिन सुबह शाम लोगों को जाम से जूझना पडता है।
संवाद सहयोगी, लोनी : मुख्य तिराहे पर लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए अधिकारियों ने कवायद शुरू कर दी है। अधिकारियों ने भोपुरा तिराहे की तर्ज पर लोनी तिराहे का जाम निपटाने का निर्णय लिया है। जल्द ही तिराहे पर टी प्वाइंट बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
लोनी तिराहे पर प्रतिदिन सुबह शाम लोगों को जाम से जूझना पडता है। सोमवार को साप्ताहिक बाजार लगने पर दिन भर वाहन रैंगते रहते हैं। पांच मिनट में पार होने वाले रास्ते का लोग आधा घंटे में पार कर पाते हैं। उपजिलाधिकारी आदित्य कुमार प्रजापति ने बताया कि लोनी तिराहे टी प्वाइंट बनाया जाएगा। तिराहे पर तीनों ओर तीन सौ से चार सौ मीटर दूर कट दिया जाएगा। गाजियाबाद से बागपत जाने वाले वाहन बलराम नगर सौ फीटा रोड के पास से यू टर्न लेकर बागपत जा सकेंगे। इसी प्रकार लोनी बार्डर से गाजियाबाद जाने वाले भी आगे से यूटर्न लेकर वापस आएंगे। उन्होंने बताया कि जीडीए और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से वार्ता की जा चुकी है। जल्द टी प्वाइंट का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।