'रिश्तेदारों को भी घर बुलाने में आती है शर्म', लोनी की इस कॉलोनी में नालियों के पानी ने किया लोगों का जीना मुहाल
लोनी की सरल कुंज कॉलोनी में नालियां जाम होने से गंदा पानी गलियों में बह रहा है, जिससे करीब 100 ...और पढ़ें

सरल कुंज कालोनी में नाली ओवरफ्लो होकर गली में बह रहा पानी। जागरण
HighLights
सरल कुंज कॉलोनी में नालियां जाम, गंदा पानी गलियों में।
करीब 100 परिवार प्रभावित, मच्छरों और बीमारियों का खतरा।
नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप, समाधान की मांग।
संवाद सहयोगी, लोनी। सरल कुंज कॉलोनी में नालियां जाम होने से गंदा पानी गलियों में बह रहा है। इसके चलते आवाजाही प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि नालियों की सफाई न होने से घर के बाहर गंदगी फैल रही है और कॉलोनी में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
लोगों का आरोप है कि यहां जलभराव वाली जगहों पर न एंटी लार्वा का छिड़काव किया जा रहा है और न ही फागिंग हो रही है। समस्या से करीब 100 परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका टैक्स वसूलता है, लेकिन जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है।
बच्चे, बुजुर्ग घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। गंदगी से डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड जैसे संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बना है। नगर पालिका के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं मिल रहा है।
गली में जलभराव से संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा है। नगर पालिका के अधिकारी जल निकासी की व्यवस्था नहीं कर रहे हैं।
- देवेंद्र कुमार, स्थानीय निवासी
कॉलोनी की नालियों की सफाई नहीं कराई जाती है। सड़कों पर गंदे पानी से होकर निकलना पड़ रहा है। बच्चों-बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी होती है।
- बंगाली सिंह, स्थानीय निवासी
जल निकासी नहीं होने से सड़कों पर पानी बह रहा है। कई बार इसकी शिकायत की गई है लेकिन अधिकारी समाधान नहीं कर रहे हैं।
- नीरज शर्मा, स्थानीय निवासी
अधिकारी सिर्फ आश्वासन देते हैं कि जल्द समाधान हो जाएगा। गंदगी के चलते रिश्तेदारों को भी घर नहीं बुला सकते हैं।
- जयराम, स्थानीय निवासी
सरल कुंज कॉलोनी की गलियों में प्रतिदिन सफाई कराई जा रही है। रोस्टर के अनुसार सभी कालोनियों में फागिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है।
-राजकुमार, सफाई निरीक्षक नगर पालिका लोनी
