42 करोड़ की लागत से बन रहा नया पुल, मिनटों में तय कर सकेंगे लोनी से राजनगर एक्सटेंशन का सफर
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने हरनंदी नदी पर लोनी और राजनगर एक्सटेंशन को जोड़ने वाले सेतु तथा लोनी-भोपुरा मार्ग के नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ किया।

HighLights
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
हरनंदी पर लोनी-राजनगर एक्सटेंशन सेतु 42 करोड़ में बनेगा।
लोनी-भोपुरा मार्ग का नवीनीकरण छह करोड़ रुपये से होगा।
संवाद सहयोगी, लोनी। हरनंदी पर लोनी और राजनगर एक्सटेंशन को जोड़ने वाले सेतु और लोनी और भाेपुरा मार्ग के नवीनीकरण के कार्य का शुक्रवार को विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने शुभारंभ किया। दोनों योजनाओं में 48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इनमें से सेतु का निर्माण 42 करोड़ और भोपुरा मार्ग के नवीनीकरण का कार्य छह करोड़ से होगा। सेतु बनने से क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा और राजनगर एक्सटेंशन या मेरठ रोड जाने में लगने वाला समय भी सफर भी कम समय में पूरा होगा।
कार्यक्रम में फर्रुखनगर ग्राम प्रधान योगेश कुमार के साथ ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया। ग्राम प्रधान ने बताया कि इस पुल की मांग लंबे से हो रही थी। लोनी तिराहा से भोपुरा मार्ग के छह करोड़ रुपये से होने वाले नवीनीकरण कार्य का शिव मंदिर में पूजन कर विधायक ने शुरू कराया।
सेतु की लंबाई 182 मीटर होगी
सेतु निगम के एई टीपी गुप्ता, आरसी उपाध्याय ने बताया कि सेतु की लंबाई लगभग 182 मीटर होगी। साथ ही 200 मीटर का मार्ग दोनों तरफ निर्मित किया जाएगा। विधायक ने कहा कि 42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह सेतु लोनी क्षेत्र को राजनगर एक्सटेंशन से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
सेतु के साथ दोनों तरफ 200-200 मीटर के पहुंच मार्ग का निर्माण होगा। इससे लोनी देहात के दर्जनों गांवों व कालोनियों के लोगों को आवागमन सुगम होगा। जिन रास्तों में लोगों को घंटों का समय लगता था, अब वो दूरी चंद मिनटों की ही रह जाएगी।
लोनी तिराहा से भोपुरा मार्ग के छह करोड़ रुपये से अधिक की लागत से होने वाला नवीनीकरण कार्य क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा। इस दौरान लोनी व्यापार मंडल अध्यक्ष रतन सिंह भाटी, दीपक सिंघल, सुनील धीमान, सतबीर चौधरी, पवन वर्मा, रोहित भारद्वाज, सतेंद्र बंसल, अजय जाटव, विजयपाल बैंसला आदि मौजूद रहे।
