विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चप्पल ठीक कराने गया था 12वीं का छात्र, लोनी में रेलवे ट्रैक पर चाकू गोदकर कर दी गई हत्या

Published: Sat, 26 Sep 2026 08:34 PM (IST)

लोनी बार्डर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम 17 वर्षीय किशोर की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. लोनी में 17 वर्षीय किशोर की चाकू से हत्या।

  2. सामान खरीदने और चप्पल ठीक कराने गया था किशोर।

  3. पुलिस ने चार टीमें गठित कर जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, लोनी। लोनी बार्डर थाना क्षेत्र में बंद फाटक के पास शुक्रवार देर शाम विवाद में 17 वर्षीय किशोर की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि नाबालिग समेत चार युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। किशोर घर से कुछ सामान खरीदने और चप्पल ठीक कराने गया था।

पिता ने एक नाबालिग, उसकी मां, मामा और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। बेहटा हाजीपुर गांव निवासी राधेश्याम के परिवार में पत्नी केलादेवी, बेटा सतेंद्र, विनेश (17), बेटी संगीता, सपना, पूजा और खुशबू हैं।

विनेश बेहटा इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब पौने सात बजे छोटा बेटा उनसे 200 रुपये लेकर टूटी चप्पल ठीक कराने और अंडर गारमेंट्स खरीदने गया था। राधेश्याम ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे उन्हें विनेश के चाकू मारे जाने और उसके राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली।

रेलवे ट्रैक पर मिले तीन नकाबपोश

यह जानकारी उनके पड़ोस में रहने वाले विनेश के नाबालिग दोस्त की मां ने उसके पड़ोस में रहने वाली युवती से भिजवाई थी। इसके बाद वह आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे, जहां उसके दोस्त ने बताया कि बाजार जाते समय विनेश उसे मिला था। वह भी उसके साथ चप्पल ठीक कराने गया था।

दोनों चप्पल ठीक कराने के बाद घर जा रहे थे। रास्ते में रेलवे ट्रैक पर मिले तीन नकाबपोश युवक ने उनके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान युवकों ने विनेश पर चाकू से ताबड़तोड वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।

घायल दोस्त को उपचार के लिए लेकर पहुंचा तो...

वह घायल दोस्त को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने नाबालिग दोस्त, उसकी मां, मामा और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि वारदात का पर्दाफाश करने चार टीम गठित की गई है।

पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से वारदात का पर्दाफाश करने के प्रयास में जुटी है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से चार लड़के भागते दिखाई दे रहे हैं। संभवतः चारों नाबालिग हैं।

उन्हें हिरासत में लेने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द वारदात से पर्दाफाश किया जाएगा। मृतक के नाबालिग दोस्त को पकड़ कर पूछताछ की जा रही है। उसके बयान में मतभेद पाया गया है। पूछताछ के बाद सही कारणों का पता चल सकेगा।