लोनी में अधूरा गली निर्माण बना मुसीबत, घरों में कैद हुए बच्चे; बुजुर्ग भी परेशान
लोनी के राजीव गार्डन और सरस्वती विहार कॉलोनी के बीच गली निर्माण कार्य तीन माह से अधूरा पड़ा है, जिससे निवासियों को भारी परेशानी हो रही है।

सरस्वती विहार कालोनी की मुख्य गली का अधूरा पड़ा निर्माण कार्य। जागरण
HighLights
लोनी में तीन माह से गली निर्माण कार्य अधूरा।
अधूरी गली से बच्चों का खेलना और आवागमन बाधित।
सफाई, जलभराव और कीचड़ से स्थानीय लोग परेशान।
संवाद सहयोगी, लोनी। नगरपालिका के वार्ड नंबर 13 और 16 के राजीव गार्डन और सरस्वती विहार कालोनी के बीच में गली निर्माण के लिए तीन माह से भराव के लिए मलबा और मिट्टी डाल निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।
निर्माण कार्य अधूरा होने से इसका खामियाजा अब लोगों को भुगतना पड़ रहा है। यह गली कई कालोनियों समेत दिल्ली सहारनपुर मार्ग व नाला रोड को जोड़ने वाली मुख्य गली है। इसी से होकर लोग अपने घरों को जाते है।
गली में नाली का निर्माण कर मलबा और मिट्टी डाल दिया है, लेकिन इसके बाद ऐसे ही गली को छोड़ दिया। वार्ड के आसपास खेल मैदान न होने के कारण गली में खेल अपना समय व्यतीत करने वाले बच्चे घरों में कैद होकर रह गए हैं।
गली निर्माण न होने से बच्चों को चोट लगने का भय लगा रहता है। लिहाजा बच्चे ना तो खुलकर खेल पाते हैं और ना ही अभिभावक उन्हें खेलने के लिए कहीं दूर जाने देते हैं।
मार्ग पर आए दिन दोपहिया वाहन चालक, बच्चे बुजुर्ग चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घरों के आगे निर्माण कार्य बीच में छोड़ने के कारण गली में सफाई कर्मचारी भी नहीं पहुंच रहे हैं।
सबसे ज्यादा परेशानी वृद्ध मरीज को अस्पताल लाने ले जाने में हो रही है । बार-बार गुहार लगाने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है।
निर्माण कार्य बीच में छोड़ने से गली में कीचड़ हो रही है। घरों तक सब्जी वाले भी नहीं पहुंच रहे हैं। घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
-सतबीर, स्थानीय निवासी
लंबे समय से आधे छोड़े गए निर्माण के कारण गली में सफाई कर्मचारी भी नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में घरों के आगे गंदगी जमा हो रही है। कूड़ा उठाने के लिए गाड़ी भी नहीं पहुंच रही है।
-राम नरेश, स्थानीय निवासी
घरों के सामने मलबा पड़ा होने से जल भराव हो रहा हैं। बारिश का पानी भी नाली तक नहीं पहुंच रहा है। गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं।
-राजेन्द्र कुमार, स्थानीय निवासी
पहले सभी छोटे बच्चे सुबह-शाम के समय घरों के बाहर खेलते थे। लेकिन अब गंदा पानी व कीचड़ जमा होने से छोटे बच्चे भी घरों में कैद हो गए हैं।
-प्रवीन कुमार, स्थानीय निवासी
वर्षा के कारण कार्य रुका था। ठेकेदार को निर्माण कार्य पूरा करने के लिए कहा गया है। समय से नही करने पर कार्रवाई की जाएगी।
-मनोज कुमार, अवर अभियंता,नगरपालिका परिषद लोनी
