लोनी नगर पालिका स्वच्छता में प्रदेश में नंबर वन घोषित
संवाद सहयोगी, लोनी : स्वच्छता सर्वेक्षण में लोनी नगर पालिका ने प्रदेश की नगर पालिकाओं में पहला स्थान
संवाद सहयोगी, लोनी : स्वच्छता सर्वेक्षण में लोनी नगर पालिका ने प्रदेश की नगर पालिकाओं में पहला स्थान हासिल किया है। साथ ही नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के संयुक्त सर्वे में सातवें स्थान पर कब्जा जमाया है। प्रथम स्थान प्राप्त कर नगर पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। देश में यह रैंक़ 153वां है।
केंद्रीय पेयजल और स्वच्छता मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण में लोनी नगर पालिका ने प्रदेश में पहला मुकाम हासिल किया है। चेयरमैन रंजीता धामा ने बताया कि केंद्रीय पेयजल और स्वच्छता मंत्रालय ने शौचालय निर्माण ठोस, तरल कूड़ा प्रबंधन और स्वच्छ भारत मिशन के आधार पर प्रथम स्थान दिया है। लोनी नगर पालिका को प्रथम स्थान दिलाने में वर्तमान अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता, पूर्व अधिशासी अधिकारी डीके राय, नगर पालिका सभासद, कर्मचारी और समस्त नगरवासी बधाई के पात्र हैं। लोगों ने भी सकारात्मक सोच के साथ स्वच्छ भारत मिशन को कामयाब बनाने में अपना योगदान दिया। पूर्व चेयरमैन मनोज धामा ने शहरवासियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लोनी नगर पालिका को सभी के सहयोग और प्रयासों से स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।