विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोनी में खौफनाक वारदात: 3-4 दिन पुराना गला-सड़ा शव दिल्ली बॉर्डर पर मिला, सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या!

Published: Fri, 11 Sep 2026 08:27 PM (IST)

ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में विनोद शर्मा नामक युवक की सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई, जिसका शव दिल्ली बार्डर के पास मिला।

मृतक की फाइल फोटो।

मृतक की फाइल फोटो।

HighLights

  1. ट्रोनिका सिटी में विनोद शर्मा की सिर पर वार कर हत्या।

  2. शव दिल्ली बार्डर के सीताराम चौक पर मिला।

  3. पुलिस गृहक्लेश और झगड़े के एंगल से जांच कर रही।

संवाद सहयोगी, लोनी। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में एक युवक के सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई। शव सीताराम चौक दिल्ली बार्डर पर फेंक दिया।

सूचना पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने ट्रोनिका सिटी पुलिस को सूचना दी। ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

रिपोर्ट में भारी वस्तु से सिर पर वार कर हत्या बताई जा रही है। साथ ही पति-पत्नी का आपसी गृहक्लेश भी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इलाइचीपुर की भोला कॉलोनी निवासी विनोद शर्मा (36) अपने परिवार सहित रहते थे। वह मूलरूप से छपरा बिहार के रहने वाले थे। परिवार में पत्नी प्रियंका, बेटी रितिका, दीपिका, और पांच साल का बेटा कार्तिक हैं। मृतक राजमिस्त्री का काम करते थे।

एसीपी लोनी ने क्या बताया?

एसीपी लोनी राम किशन ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने फोन कर पुलिस को सूचना दी कि सीताराम चौक सोनिया विहार दिल्ली बार्डर के निकट एक युवक का शव पड़ा है।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव देखने में तीन से चार दिन पुराना लग रहा था और गल चुका था।

मृतक के स्वजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त विनोद रूप में की। पुलिस पूछताछ में स्वजन ने बताया कि काफी समय से पति-पत्नी में आपसी विवाद चल रहा था। जिसके चलते पत्नी करीब छह-सात माह पूर्व तीनों बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई थी।

जिसके कारण विनोद घर से बाहर रहने लगा था। पिता का कहना है कि सिर पर भारी वस्तु से वार कर विनोद की हत्या की गई है। एसीपी ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

रिपोर्ट में सिर पर चोट लगने से मौत होना बताया गया है। पूछताछ में यह भी पता चला है कि जन्माष्टमी के दिन कुछ लड़कों से विनोद का झगड़ा हुआ था। पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है।