अतिक्रमण से घिरे लोनी के फुटपाथ, पैदल चलने वालों की बढ़ी मुश्किलें
लोनी में फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वाले लोग सड़कों पर चलने को मजबूर हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।

लोनी में फुटपाथ पर अतिक्रमण।
HighLights
लोनी में फुटपाथों पर भारी अतिक्रमण, पैदल चलना मुश्किल।
दुकानदार फुटपाथों को मासिक किराए पर दे रहे हैं।
नगरपालिका ने अतिक्रमण हटाने और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हरिशंकर शर्मा, लोनी। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिए हैं कि लोगों के अवागमन के लिए फुटपाथ पूरी तरह खाली कराए जाए। इसके अलावा सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराए। लेकिन शहर में फुटपाथ का अस्तित्व खत्म होता जा रहा है।
यहां फुटपाथ पूरी तरह अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुका है। स्थिति यह है कि पैदल चलने वालों के लिए जगह ही नहीं बची है। सड़क के दोनों ओर अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे तक कब्जा कर लिया है।
लोनी का सबसे व्यस्त क्षेत्र लोनी तिराहा बाजार गाजियाबाद मार्ग व दिल्ली सहारनपुर मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में है। लोगों ने फुटपाथ के साथ सड़क भी घेर रखी है।
लोगों की मानें तो सड़क किनारे फुटपाथ पर दुकान लगाने के लिए वूसली की जाती है। ऐसे में राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।

दुकानदार कर रहे मासिक वसूली
आरोप है कि यहां के दुकानदार अपनी दुकान के सामने ठेला लगवाने के नाम पर मासिक वसूली कर रहे हैं। इससे शहर में फुटपाथ पूरी तरह खत्म हो गया है। मार्ग किनारे वाहन खड़े होने से राहगीरों को दिक्कत हो रही है।
दुकानदार फुटपाथ को दो हजार से लेकर 15 हजार रुपये मासिक किराये पर दे रहे हैं। वह अपने सामने के हिस्से को ठेला लगाने वालों को रुपये लेकर ठेला लगवा रहे है।
इन स्थानों पर बिरयानी, नाई की दुकान, जूस, बर्गर टिक्की, छोले भटूरे, फल,पूजन सामग्री, सजावट का सामान आदि सामग्री के ठेले लगाए जा रहे हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।

राहगीर फंसते-फंसाते सड़कों पर चलने को मजबूर हैं। पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरना पड़ता है, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। अतिक्रमण से फुटपाथ नजर ही नहीं आता है।
शहर कोई ऐसी जगह नहीं बची है, जहां दुकानदारों ने फुटपाथ न कब्जा किया हो। दोनों ओर दुकानें व कार, बाइक खड़ी होने से पैदल चलने के लिए जगह नहीं बची है।
-आसिफ अली, स्थानीय निवासी
कुछ स्थानीय दुकानदारों पर अगर कार्रवाई हो तो यह ठेली वाले अपने आप हट जाएंगे। अभियान के दौरान ठेला वाले इधर-उधर हो जाते हैं। इसके बाद जैसे ही अभियान खत्म होता है। ठेला वाले फिर काबिज हो जाते हैं।
-सुनील कुमार, स्थानीय निवासी
पिछले माह में अभियान चलाया गया था। सड़क किनारे की दुकानें हटवाई गई थी। जल्द ही दोबारा अभियान चलाकर सड़क किनारे की दुकानें हटवाई जाएगी। अगर किसी ने दोबारा कब्जा किया तो रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
- वैभव त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी नपा लोनी।
