खोड़ा के प्रवेश द्वार पर गंदगी और जाम से लोग परेशान, समाधान की दरकार
खोड़ा के प्रवेश द्वार पर बेतरतीब वाहनों, कूड़े के ढेर और सड़क में गड्ढों के कारण भीषण जाम और गंदगी की समस्या बनी हुई है।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। खोड़ा का प्रवेश द्वार ही बदहाली की तस्वीर बयां कर रहा है। थाने के पास प्रवेश द्वार के बाहर और अंदर बेतरतीब वाहन खड़े रहते हैं। इनमें आटो और ई रिक्शा की संख्या अधिक है।
इनसे जाम की स्थिति बन जाती है। यहां जाम की स्थिति के कारण एनएच नौ तक प्रभावित हो जाता है और वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इसके अलावा प्रवेश द्वार के पास कूड़े के ढेर और सड़क में गड्ढे से स्वागत होता है।
सड़क पर आटो रिपेरिंग सेंटर के बाहर सड़क के दोनों ओर आटो खड़े रहते हैं। दुकानदारों द्वारा सामान सड़क तक रखे जाते हैं। इससे जाम की स्थिति बन जाती है। आवागमन के दौरान रोजाना लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि खोड़ा के सभी प्रवेश द्वार के पास कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। यहां से गुजरते वक्त दुर्गंध के कारण मुंह ढककर निकलना पड़ता है। सड़क में गड्ढे के कारण आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
राह गुजरना भी मुश्किल होता है। जिम्मेदारों द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता है। अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ल का कहना है कि अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाती है। साथ ही नियमित सफाई कराई जाती है।
