विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कनावनी डूब क्षेत्र में बिजली की समस्या काे लेकर लोगों ने लगाया जाम, वाहन चालकों से हुई भिडंत

Published: Wed, 23 Sep 2026 07:45 PM (IST)

कनावनी डूब क्षेत्र में बिजली की समस्या को लेकर लोगों ने मंगलवार रात पुस्ता रोड पर जाम लगा दिया। इस ...और पढ़ें

लोगों ने लगाया जाम।

लोगों ने लगाया जाम।

HighLights

  1. बिजली समस्या को लेकर कनावनी पुस्ता रोड पर जाम।

  2. वाहन चालकों और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्कामुक्की।

  3. पुलिस ने समझाकर आधे घंटे बाद जाम खुलवाया।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। कनावनी डूब क्षेत्र में बिजली की समस्या को लेकर लोगों ने मंगलवार रात कनावनी पुस्ता रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान वाहन चालक और लोगों में भिड़ंत भी हो गई।

पुलिस ने लोगों को समझाकर हटाया। इस दौरान आधे घंटे तक जाम लगा रहा। कनावनी डूब क्षेत्र में वैध कनेक्शनों से बाकी करीब एक हजार घरों में कटिया डालकर आपूर्ति होती है। डूब क्षेत्र में मकान बने होने के कारण कोर्ट के आदेश के बाद इन मकानों को कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं।

50 मकानों की उतारी गई थी कटिया

कुछ दिन पूर्व नोएडा में कार्रवाई के बाद कनावनी में भी करीब 50 मकानों से कटिया उतारी गई थी। हाल ही में स्थानीय लोग विद्युत निगम के झटपट पोर्टल पर कनेक्शन के लिए आवेदन करना शुरू किया है, लेकिन कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं।

मंगलवार रात नौ बजे गुस्साए लोग पुस्ता रोड पर आए और जाम लगा दिया। लोग विरोध जताते हुए सड़क पर खड़े हो गए। इनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हुईं। स्थानीय निवासी विमलेश का कहना है कि उनका कनेक्शन वैध है और लगातार बिल भी भर रहे हैं।

बावजूद इसके मंगलवार दोपहर को उनका कनेक्शन काट दिया गया। स्थानीय निवासी भगवान दीन का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बिजली की समस्या बनी हुई है। बच्चों की परीक्षा चल रही है। गर्मी में दिन भर परेशान रहते हैं। बिना बिजली के पानी भी नहीं मिल पाता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मंगलवार को भी विद्युत निगम ने क्षेत्र में कार्रवाई की है।

जाम से हुई परेशानी

जाम लगने पर वाहन चालकों ने परेशान होकर लोगों को हटने के लिए कहा। इस पर दोनों पक्षों में धक्कामुक्की हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क से हटाया। आधे घंटे तक रोड बंद रहने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान लोगों को परेशानी हुई।

कनावनी डूब क्षेत्र में होने के कारण कनेक्शन देने पर रोक लगी हुई है। बिजली चोरी करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। बाकी सभी घरों में बिजली आपूर्ति सामान्य है।
-अखिलेश सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत निगम