विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंदिरापुरम में खराब सड़कों पर घिरे निगम अधिकारी, अब 'छोटा भीम और छुटकी' के मीम से दे रहे सफाई

Published: Wed, 09 Sep 2026 07:46 PM (IST)

इंदिरापुरम की खराब सड़कों पर नगर निगम ने 'छोटा भीम और छुटकी' के मीम वीडियो के जरिए स्पष्टीकरण दिया है। ...और पढ़ें

नगर निगम का मीम।

नगर निगम का मीम।

HighLights

  1. निगम ने खराब सड़कों पर 'छोटा भीम' मीम वीडियो बनाया।

  2. सीएम ग्रिड के तहत 300 करोड़ से सड़कें बन रही हैं।

  3. निर्माण कार्य धीमी गति पर नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी।

शोभित शर्मा, साहिबाबाद। इंदिरापुरम में खराब सड़कों पर नगर निगम की सफाई छोटा भीम और छुटकी का मीम वाला वीडियो दे रहा है।

खराब हुई सड़कों से समस्या और लगातार शिकायतों के बाद अधिकारियों ने छिछालेदार स्थिति से बचने के लिए कार्टून कैरेक्टर छोटा भीम और छुटकी के बीच बातचीत का वीडियो बनाया है।

छोटा भीम के सवाल इंदिरापुरम में सड़कें इतनी खराब क्यों है, इस पर छुटकी बताती है कि यहां सिर्फ सड़कें ही नहीं बल्कि पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर ही तैयार किया जा रहा है।

सीएम ग्रिड से कराया जा रहा सड़कों का निर्माण

इंदिरापुरम में सीएम ग्रिड से सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। भीम के पूछने पर कि लोगों को तो अभी काफी दिक्कत हो रही है, छुटकी उसे समझाती है कि थोड़ी दिक्कत तो होती है लेकिन यह बेेहतरीन सड़कों और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए है।

ऐसे में कुछ दिन की परेशानी के बाद आगे क्षेत्र की तस्वीर पलट जाएगी। कुछ इस तरह के मीम के साथ नगर निगम अधिकारी लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि दिक्कत के बाद क्षेत्र में सड़कें चकाचक होंगी।

निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने बताया कि सीएम ग्रिड के तहत चल रहे कार्य की प्रतिदिन निगरानी कर रिपोर्ट दी जाएगी। लोगों को हो रही परेशानी से निगम अधिकारी भी वाकिफ हैं। वीडियो केवल जागरूकता के लिए है।

दूसरे चरण में इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी में चल रहे हैं कार्य

सीएम ग्रिड के दूसरे चरण में इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी में छह सड़कों का निर्माण हो रहा है। दूसरे फेज में 300 करोड़ रुपये नगर निगम इस पर खर्च कर रहा है। सड़कों के निर्माण से पहले सभी लाइनों को अंडरग्राउंड करने, पिट और फुटपाथ बनाने के लिए सड़कों की खोदाई की गई है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगर आयुक्त ने जताई थी नाराजगी

बीते मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने भी इंदिरापुरम समेत अन्य जगह का निरीक्षण कर सीएम ग्रिड के तहत चल रहे कार्याें की जानकारी ली। इस दौरान कार्य धीमी गति से चलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार भी लगाई। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्याें को 15 दिन में पूरा करने और इसके बाद आगे के कार्य शुरू कराने के निर्देश भी दिए।