विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंदिरापुरम में 6 महीने पहले बनी सड़क पाइपलाइन लीकेज से धंसी, फंसी कार; बड़ा हादसा टला

Published: Thu, 03 Sep 2026 05:20 PM (GMT+05:30)

इंदिरापुरम के ज्ञानखंड-दो में पाइपलाइन लीकेज से सड़क धंस गई, जिसमें एक कार फंस गई और बड़ा हादसा टल गया। ...और पढ़ें

इंदिरापुरम ज्ञानखंड-दो में बृहस्पतिवार सुबह पेयजल पाइपलाइन में हुई लीकेज से सड़क धंस गई, जिसमें एक कार धंस गई। जागरण

इंदिरापुरम ज्ञानखंड-दो में बृहस्पतिवार सुबह पेयजल पाइपलाइन में हुई लीकेज से सड़क धंस गई, जिसमें एक कार धंस गई। जागरण

HighLights

  1. इंदिरापुरम के ज्ञानखंड-दो में पाइपलाइन लीकेज से सड़क धंसी।

  2. धंसी सड़क में फंसी कार, बड़ा हादसा टल गया।

  3. स्थानीय लोगों ने सड़क की गुणवत्ता पर नगर निगम को घेरा।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम ज्ञानखंड-दो में बृहस्पतिवार सुबह पेयजल पाइपलाइन में हुई लीकेज से सड़क धंस गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार रात से पाइपलाइन में लीकेज हो रही थी। सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक कार गड्ढे में फंस गई। इसकी सूचना तुरंत नगर निगम के अधिकारियों को दी गई। इसके बाद जलकल विभाग के कर्मियों ने मौके पर बैरिकेडिंग कराई और लाइन को ठीक कराया। निर्माण विभाग ने गड्ढे को भर दिया है।

छह महीने पहले बनी थी सड़क

इंदिरापुरम वेलफेयर एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी धीरज शर्मा ने बताया कि सड़क धंसने से बड़ा हादसा होने से बच गया। सड़क के पास ही सेंट थामस स्कूल है और किनारे से घर बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि सुबह इसका पता चलते ही निगम अधिकारियों को सूचित कर दिया गया था। एहतियात के लिए सभी ग्रुप में मैसेज चलाकर इस मार्ग से न गुजरने का आग्रह किया गया। स्थानीय निवासी देवदत्त ने बताया कि छह महीने पहले ही सड़क का निर्माण कराया गया था।

सड़क का निर्माण कराया जाएगा

सुबह गड्ढे में फंसी कार को क्रेन की मदद से निकालकर काम शुरू कराया गया। यश मेहता ने बताया कि नगर निगम की लापरवाही दिन-ब-दिन सामने आती जा रही हैं। कहीं सड़क धंस रही है, कहीं बड़े-बड़े गड्ढे हैं। इन समस्याओं की शिकायत करने के बावजूद भी काम नहीं कराया जाता है।

जलकल विभाग के अवर अभियंता मयंक मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने के साथ ही पाइपलाइन की मरम्मत का काम कराया गया। नगर निगम निर्माण विभाग के अवर अभियंता संजय गंगवार ने बताया कि सड़क का नया निर्माण नहीं कराया गया है। यह आरोप निराधार है। पाइपलाइन की मरम्मत के बाद सड़क पर हुए गड्ढे को भर दिया गया है। जल्द ही सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

भगवान ही बचाए निगम की सड़कों से

ज्ञानखंड के अलावा ट्रांस हिंडन क्षेत्र में पहले भी सड़क धंस चुकी है। इससे पहले जुलाई माह में वर्षा के दौरान वसुंधरा में अटल चौक के पास सड़क धंस गई थी। सड़क में एक स्कूटी पूरी समा गई थी जबकि कार गड्ढे में लटक गई थी। स्थानीय लोगों में सड़कों की गुणवत्ता को लेकर रोष है। लोगों का कहना है कि नगर निगम की सड़कों से भगवान की बचाए।