विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंदिरापुरम में सीएम ग्रिड निर्माण से जलभराव, स्कूल बसों समेत 12 वाहन धंसे; लोगों का जीवन अस्त व्यस्त

Published: Fri, 10 Jul 2026 02:45 AM (IST)

इंदिरापुरम में सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सीवर और नाला निर्माण कार्य के कारण भारी बारिश के बाद जलभराव ...और पढ़ें

भारी बारिश के बाद इंदिरापुरम में जनजीवन अस्त-व्यस्त।

भारी बारिश के बाद इंदिरापुरम में जनजीवन अस्त-व्यस्त।

HighLights

  1. सीएम ग्रिड कार्य से इंदिरापुरम में भारी जलभराव, जनजीवन अस्त-व्यस्त।

  2. तीन स्कूल बसों सहित 12 वाहन धंसे, बच्चों को सुरक्षित निकाला।

  3. निर्माण के कारण मिट्टी धंसने से सड़कों पर घंटों जाम लगा।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम में लोगों की सुविधा के लिए सीएम ग्रिड के तहत नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सीवर लाइन डालने और नाला निर्माण के कार्य ने लोगों के लिए आफत बन गए हैं। वर्षा के बाद बृहस्पतिवार को इंदिरापुरम में जलभराव हो गया। इस दौरान आपातकाल जैसी बन गई। सड़क से लेकर सोसायटी के अंदर तक जलभराव हो गया। कई जगह घरों और दुकानों में पानी भर गया। लोग अव्यवस्था पर त्राहिमाम करते हुए दिखाई दिए।

निर्माण के दौरान जगह-जगह हुई खोदाई की मिट्टी धसने से कई जगह वाहन धंस गए। वाहनों में पानी घुसने से कई वाहन खराब हो गए। इस दौरान लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। क्रेन बुलाकर वाहनों को निकलवाना पड़ा। सड़क पर वाहन खराब होने और धसने के दौरान जाम लग गया। घंटों तक वाहन रेंगते रहे।

तीन स्कूल बस समेत 12 वाहन धंसे, बच्चों की चीख पुकार से अफरा-तफरी

इंदिरापुरम में हैबीटेट सेंटर के पास तीन स्कूली बस, दो स्कूल वाहन सहित कुल 12 वाहन धंस गए। स्कूली वाहन धंसने के दौरान अफरा-तफरी मच गई। बसों में बैठे बच्चे चीख पुकार मचाने लगे। बच्चों का शोर सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीरों ने दौड़कर बच्चों को स्कूल बस से सकुशल निकाला। गनीमत रही कि समय रहते बचाव कार्य कर लिया गया नहीं तो अनहोनी से इन्कार नहीं किया जा सकता था।

09sbd_49_09072026_136

कई सोसायटी के बाहर मिट्टी धंसी, गेट बंद होने से बंधक बने निवासी

वर्षा के दौरान सोसायटी के अंदर पानी भर गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जब निवासी सोसायटी के बाहर निकले तो वहां सीएम ग्रिड के तहत निर्माण कार्य में खोदी गई मिट्टी धंसने के कारण कई सोसायटियों के गेट बंद कर दिए गए। न्याय खंड-एक में नगर निगम द्वारा कराए गए काम की पोल खुल गई।

हाल ही में नाला निर्माण और सीवर लाइन डालने के बाद भी निकासी व्यवस्था सही नहीं होने के कारण मुख्य सड़क से सोसायटी के अंदर जलभराव हो गया। इसी तरह सीआइएसएफ रोड, काला पत्थर रोड और अन्य जगहों पर जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

09sbd_43_09072026_136

शक्ति खंड- तीन में अस्पताल और पेट्रोल पंप के बाहर जलभराव

स्थानीय निवासी धीरज शर्मा ने बताया कि शक्ति खंड- तीन में वर्षा के बाद क्लाउड- नाइन अस्पताल के पास जलभराव से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां कई पेट्राेल पंप के बाहर जलभराव हो गया। सड़क पर करीब तीन से चार फीट पानी भर गया। यहां से निकलने के दौरान कई वाहनों में पानी घुस जाने से बंद हो गए। कई वाहन खराब हो गए।

विधायक कालोनी में कई इमारतों के बेसमेंट में भरा पानी

विधायक कालोनी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनुपम शुक्ला ने बताया कि कालोनी में करीब तीन से चार फीट तक पानी भर गया। इससे लोगों का राह गुजरना भी मुश्किल हो गया। कई इमारतों के बेसमेंट में पानी भर गया। इससे लोगों के वाहन बेसमेंट में फंस गए।

09sbd_45_09072026_136

पानी घुसने से रोड पर खराब हुए वाहन

इंदिरापुरम जलमग्न होने के कारण कई वाहनों में पानी घुसने से वाहन खराब हो गए। सड़क पर खराब वाहन खड़े होने के कारण जाम कई जगह जाम की स्थिति बन गई। सीआइएसएफ रोड पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही। वाहन रेंगते रहे। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में 15 फीट धंसी सड़क, टाटा पंच और स्कूटी समाई