'रेगिस्तान' बना इंदिरापुरम, नगर आयुक्त के निर्देश के बाद भी नहीं हटे मिट्टी के टीले, लोग परेशान
इंदिरापुरम में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट (सीएम ग्रिड) के तहत चल रहे कार्यों से काला पत्थर रोड पर मिट्टी ...और पढ़ें

मिट्टी के टीलों से परेशान लोग।
HighLights
इंदिरापुरम सीएम ग्रिड कार्य से मिट्टी के टीले बने मुसीबत।
काला पत्थर रोड पर धूल, प्रदूषण से लोग परेशान, व्यापार प्रभावित।
नगर आयुक्त के निर्देशों के बावजूद कार्यदायी संस्था की लापरवाही जारी।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। इंदिरापुरम में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट अर्बन (सीएम ग्रिड) के काम फिर से मुसीबत बन रहे हैं। खासतौर पर काला पत्थर रोड पर जगह-जगह बने मिट्टी के टीले लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर रहे हैं।
दुकानदारों का आरोप है कि नगर आयुक्त ने दो बार निरीक्षण कर काम पूरा करने और मिट्टी हटवाने के निर्देश दिए। बावजूद इसके कार्यदायी संस्था की लापरवाही जारी है। मिट्टी के ढेर और धूल उड़ने से इंदिरापुरम रेगिस्तान दिखने लगा है। इससे वायु प्रदूषण तो झेलना ही पड़ रहा है, साथ ही व्यापारियों को भी नुकसान हो रहा है।
सीएम ग्रिड के दूसरे चरण में इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी में सड़कों के निर्माण का कार्य चल रहा है। छह सड़कों को योजना के तहत चमकाया जाएगा। लगातार लोगों की शिकायतों के बाद नगर निगम ने जागरूकता के लिए मीम भी बनवाया था।
15 दिन बाद भी हालत जस की तस
इसके अलावा नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निरीक्षण कर अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को तेजी से काम निपटाने और 15 दिन में जो कार्य वर्तमान में चल रहे हैं, उन्हें पूरा करने के लिए कहा।
15 दिन पूरे होने के बाद भी मौके पर हालत जस की तस बने हुए हैं और अब तो मिट्टी के ढेर से लोगों का राह चलना भी मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा कहीं सड़क खराब है तो कहीं पानी भरने की शिकायतें रोज लाेग कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों दिवाली से पहले मिट्टी हटवाने, सफाई कराने, पेयजल लाइनें ठीक कराने की मांग की है। इसके अलावा पेयजल और सीवर लाइन भी प्रभावित होने पर तुरंत संज्ञान लेकर काम कराने के लिए निगम अधिकारियों से अपील की है।
काला पत्थर रोड पर दुकानों के आगे मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं। ऐसे में दुकानों में भी मिट्टी जमा हो जाती है और दुकान तक आने जाने का रास्ता भी बंद है। व्यापारियों को रोज नुकसान उठाना पड़ रहा है।
- किशोर ठाकुर, मीडिया प्रभारी, इंदिरापुरम व्यापार मंडल
मिट्टी को हटवाने की जरूरत है। वाहनों के चलने से दिनभर धूल उड़ती है और लोगों के बीमार होने का खतरा बना रहता है। व्यापारियों को भी मिट्टी पड़ी होने से परेशानी हो रही है।
- आकाश, स्थानीय दुकानदार
इंदिरापुरम में चल रहे कार्याें की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है। लोगों को सड़क बनने पर लाभ मिलेगा। मिट्टी को लेकर जाली लगवाने और जहां काम पूरा हो गया है, वहां से हटाने के लिए कहा है।
- संजय गंगवार, अवर अभियंता, नगर निगम निर्माण विभाग
