विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहिबाबाद: इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रातभर गुल रही बिजली, 15 हजार की आबादी गर्मी में पसीने से रही तर

Published: Sat, 03 Oct 2026 07:49 PM (IST)

साहिबाबाद की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में शुक्रवार रात करीब छह घंटे बिजली गुल रही, जिससे 15 हजार की आबादी गर्मी से ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में शुक्रवार रात छह घंटे बिजली गुल रही।

  2. करीब 15 हजार लोग गर्मी और उमस से रातभर परेशान रहे।

  3. ओवरलोडिंग और फॉल्ट के कारण बिजली कटौती की समस्या बनी।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। टीला मोड की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी की शुक्रवार को रातभर बिजली गुल रही। अगले दिन सुबह करीब छह बजे सामान्य हो सकी। करीब छह घंटे बिजली कटौती के कारण 15 हजार की आबादी के गर्मी में रातभर पसीने छूटते रहे।

लोग विद्युत निगम के अधिकारियों से शिकायत करते रहे, लेकिन समाधान के नाम पर रातभर केवल आश्वासन मिलता रहा। आरोप है कि अधिकारियों ने कॉल तक रिसीव करनी बंद कर दी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी के सी और डी-ब्लाक में करीब 15 हजार की आबादी रहती है। गर्मी शुरू होने के बाद से ही बिजली कटौती से जूझना पड़ रहा है। शुक्रवार रात करीब 12 बजे लाइन में फॉल्ट हो गया। इससे पूरी कॉलोनी की बिजली गुल हो गई थी।

बिन बिजली के घरों में एसी, पंखे, कूलर नहीं चल सके। इन्वर्टर भी एक-दो घंटे में ही जवाब दे गए। बिन बिजली के रातभर लोग परेशान रहे। सबसे अधिक परेशानी कॉलोनी के बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोगों को झेलनी पड़ी।

लोगों का कहना है कि हफ्ते में एक-दो दिन ही निर्बाध आपूर्ति मिल पाती है। कभी ओवरलोडिंग के कारण फॉल्ट तो कभी अघोषित बिजली कटौती से जूझना पड़ता है। शिकायत करते हैं तो सुनवाई नहीं होती है।

ओवरलोडिंग के कारण अधिक आए दिन हो रहे फॉल्ट

इंद्रपरस्थ के विद्युत उपकेंद्र पर क्षमता के सापेक्ष दोगुना से अधिक लोड है। विद्युत निगम के अनुसार उपकेंद्र की क्षमता करीब 20एमवीए है, जबकि इस पर 40 एमवीए से अधिक लोड है। इसका मुख्य कारण आबादी का बढ़ना है। अधिकारियों का कहना है कि यहां पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य किया जा रहा है।

मेंटेनेंस कार्य के चलते इन इलाकों में हुई कटौती

विद्युत नगरीय वितरण खंड ट्रांस हिंडन में जगह-जगह मेंटनेंस कार्य और पेड़ों की छंटाई का कार्य किया गया। नीति खंड दो और अहिंसा खंड में की दोपहर 11 से 12 बजे तक बिजली कटी। राजेंद्र नगर सेक्टर-एक में दोपहर दो से तीन बजे और सूूर्या नगर व कड़कड़ माडल में सुबह 10 से 12 बजे तक कटौती हुई।

इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रात में फॉल्ट के कारण बिजली गुल हुई थी। फॉल्ट को ढूंढने में समय लग गया। अब बिजली आपूर्ति सामान्य कर ली गई है। लोड की समस्या के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं।
-बृज मोहन दुबे, एसडीओ, विद्युत उपकेंद्र इंद्रप्रस्थ।