चेहल्लुम के जुलूस में मातम करती अंजुमनों के बीच गूंजीं या हुसैन की सदाएं
हजरत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम और करबला के 72 शहीदों की याद में चेहल्लुम का मातमी जुलूस निकाला गया। सोगवारों ने छुरियों से मातम करने के साथ या हुसैन या अली या अब्बास के नारे बुलंद किए। जुलूस इस्लामनगर से बरामद होकर बोंझावाली करबला पर समाप्त हुआ। मोहल्ला इस्लामनगर में अंजुमन-ए हुसै
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : हजरत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम और करबला के 72 शहीदों की याद में चेहल्लुम का मातमी जुलूस निकाला गया। सोगवारों ने छुरियों से मातम करने के साथ या हुसैन, या अली, या अब्बास के नारे बुलंद किए। जुलूस इस्लामनगर से बरामद होकर बोंझावाली करबला पर समाप्त हुआ।
मोहल्ला इस्लामनगर में अंजुमन-ए हुसैनी द्वारा आयोजित जुलूस के मौके पर मौलाना अथहर अब्बास ने मजलिस में मोमनीन को खिताब करते हुए करबला के पैगाम और ईमाम हुसैन अलै. और उनके साथियों की कुर्बानी को याद करते हुए देश में अमन चैन और खुशहाली की तरक्की के लिए करबला से सीख लेने की नसीहत की और कुरआन का पैगाम देते हुए कहा कि वो हुकूमत कभी परवान नहीं चढ़ती, जो दूसरों पर जुल्म करे। अहिसा ही वह रास्ता है जिससे दूसरों के दिल जीते जाते हैं। मौलाना ने कहा कि इंसाफ दुनिया के हर इंसान और हर देश की जरूरत है। कोई भी धर्म इससे इंकार नहीं करता हर धार्मिक इंसान अगर अपने धर्म का निष्ठा से सत्यता से पालन करे तो कहीं भी हिसा नजर न आए। शहर में हजरत इमाम हुसैन व उनके साथियों की शहादत पर के गम में शिया समुदाय के लोगों ने तिरंगे के साथ जुलूस निकाला गया। सोगवारों ने खुद को जंजीरों में लगी छुरियों से लहूलुहान किया। फिजाएं हुसैन या हुसैन की सदाओं से गूंज उठी। इसमें अंजुमन सदाए हुसैनी, अंजुमन-ए अब्बासिया, अंजुमन-ए अकबरी हिडन पुस्ता गाजियाबाद, अंजुमन हैदरी हापुड़, अंजुमन-ए परचम-ए अब्बास जारचा गौतमबुद्ध नगर, अंजुमन-ए साहिबुल असर नई दिल्ली, अंजुमन-ए हुसैनी ब्रज विहार ने मातम किया। इस्लामनगर से बरामद चेहल्लुम का जुलूस नया बस अड्डा, जीटी रोड होता हुआ बोंझावाली कर्बला पर खत्म हुआ। इस मौके पर राहत अब्बास, मिर्जा गालिब, बाकर रजा, हसन अब्बास, कौसर अब्बास, अली हैदर, असग आगा, अब्बास हैदर, तौकीर अब्बास, हैदर अब्बास काजमी, अब्बास मेहंदी आदि मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाकचौबंद
मोहर्रम के सभी जुलूसों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए ते। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में पुलिस के साथ एलआईयू भी सतर्क रही। पुलिस आलाधिकारी लगातार सभी जुलूसों की सुरक्षा व्यवस्था जायजा लेते रहे। इस दौरान कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने डायवर्जन कर यातायात को सुचारू कराया। हालांकि, जुलूस का ट्रैफिक पर ज्यादा असर नहीं हुआ।