विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिंडन एयरपोर्ट से शुरू होगी कार्गो सेवा, पश्चिमी यूपी के उद्यमियों की खुलेगी राह; मुंद्रा के लिए पहली फ्लाइट!

Published: Wed, 16 Sep 2026 07:39 PM (IST)

हिंडन एयरपोर्ट पर कार्गो उड़ान सेवाओं के लिए टर्मिनल बिल्डिंग बनाने की तैयारी शुरू हो गई है, जिसके लिए प्राधिकरण ने मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा है।

हिंडन एयरपोर्ट पर जल्द शुरू होगी कार्गो उड़ान सेवा।

हिंडन एयरपोर्ट पर जल्द शुरू होगी कार्गो उड़ान सेवा।

HighLights

  1. हिंडन एयरपोर्ट पर कार्गो टर्मिनल बिल्डिंग बनाने की तैयारी शुरू।

  2. प्रशासनिक बिल्डिंग की जगह कार्गो टर्मिनल, कार्यालय ऊपर शिफ्ट होगा।

  3. पश्चिमी यूपी के उद्यमियों को मिलेगा लाभ, व्यापार में तेजी।

जितेंद्र सिंह, साहिबाबाद। हिंडन एयरपोर्ट पर प्राधिकरण द्वारा कार्गो उड़ान सेवा के लिए टर्मिनल बिल्डिंग बनाने की तैयारी शुरु कर दी गई है। इसके लिए हिंडन एयरपोर्ट प्राधिकरण द्वारा मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है।

प्रस्ताव के तहत प्रशासनिक बिल्डिंग की जगह कार्गो टर्मिनल बिल्डिंग तैयार की जाएगी। इसी बिल्डिंग में माल लाया जाएगा। यहीं माल की चेकिंग और स्कैनिंग कर विमान तक पहुंचाया जाएगा।

प्रशासनिक कार्यालय को कार्गो टर्मिनल बिल्डिंग के ऊपर शिफ्ट किया जाएगा। कार्गो उड़ानों के लिए इंडिगो और स्टार एयर एयरलाइंस द्वारा हिंडन एयरपोर्ट प्राधिकरण को प्रस्ताव दिया गया है। प्रस्ताव के तहत एयरलाइंस द्वारा मेट्रो शहरों के लिए यात्री विमान में कार्गो ले जाया जाएगा।

हिंडन एयरपोर्ट से पहली बार कार्गो (मालवाहक विमान) उड़ान सेवा शुरू करने के लिए इंडिगो और स्टार एयर द्वारा करीब छह महीने पहले सर्वे किया जा चुका है। कार्गो उड़ान सेवा की शुरुआत मुंद्रा के लिए हो सकती है।

हिंडन एयरपोर्ट प्राधिकरण के निदेशक डॉ. चिलका महेश ने बताया कि कार्गो उड़ान सेवा शुरू करने को लेकर इंडिगो और स्टार एयर से बातचीत चल रही है। इसको लेकर एयरलाइंस द्वारा सर्वे किया जा चुका है। कार्गो सेवा शुरू करने के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है।

पश्चिमी यूपी के उद्यमियों को मिलेगा लाभ

हिंडन एयरपोर्ट से कार्गो उड़ान सेवा शुरू होने से गाजियाबाद सहित पश्चिमी यूपी के उद्यमियों को लाभ मिलेगा। उद्यमी अपना सामान कम समय में गंतव्य तक भेज सकेंगे। इससे समय की बचत के साथ ही उद्यमियों का व्यापार में भी तेजी आएगी।

इन शहरों के लिए शुरू हो सकती है कार्गो उड़ान

डॉ. चिलका महेश ने बताया कि एयरलाइंस कंपनियों द्वारा मेट्रो शहरों में कार्गो उड़ान सेवा शुरू करने के लिए प्रस्ताव दिया है। सबसे पहले मुंद्रा के लिए कार्गो उड़ान सेवा शुरू हो सकती है।

मुंद्रा गुजरात के कच्छ में है और औद्योगिक शहर है। यहीं पर मुंद्रा बंदरगाह भी है। ऐसे में गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को हवाई सेवा से काफी लाभ मिलेगा। इसके अलावा मुंबई, चेन्नई, बैंगलुरू, कोलकाता व अन्य शहरों के लिए कार्गो उड़ान सेवा शुरु की जा सकती है।