यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 27, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
CM Yogi in Ghaziabad: गाजियाबाद के लोगों के लिए गुड न्यूज, CM योगी ने कर दिया बड़ा एलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में लोनी, खोड़ा और मुरादनगर को मिलाकर "ग्रेटर गाजियाबाद" बनाने की घोषणा की। उन्होंने राजनगर ...और पढ़ें
-1751016347584_m.webp)
अधिकारियों व जनप्रतिनिधि के साथ बैठक करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।सौ. प्रशासन
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि लोनी, खोड़ा व मुरादनगर क्षेत्र को नगर निगम सीमा से जोड़कर ग्रेटर गाजियाबाद बनाया जाएगा। विकास के रूप में ग्रेटर गाजियाबाद अपनी पहचान की नई यात्रा शुरू करेगा।
इसके साथ ही गाजियाबाद के विकास के लिए बीसीसीआई द्वारा राजनगर एक्सटेंशन में बनने वाले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की जमीन व उसके निर्माण की जिम्मेदारी जीडीए को दी जाएगी। ताकि गाजियाबाद एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को इंदिरापुरम स्थित कैलास मानसरोवर भवन में गाजियाबाद के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और इस दौरान प्रदेश में आठ साल के भाजपा शासन में जिले के विकास पर समीक्षा की और आने वाले समय में गाजियाबाद का विकास कैसे किया जाए, इस पर मंथन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कैलास मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले तीसरे जत्थे के 46 यात्रियों को किट वितरित की। उन्होंने यात्रियों को जानकारी दी कि यात्रा से वापस लौटने के बाद उन्हें 90 दिन के भीतर एक लाख रुपये अनुदान राशि के रूप में दिए जाएंगे।
उन्होंने यात्रियों से मुलाकात भी की और कहा कि कैलास मानसरोवर भवन शिवभक्तों की सुविधा के लिए तैयार किया गया था और करीब 200 यात्री इसका हिस्सा बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर भवन, पूर्वांचल भवन, उत्तरांचल भवन का उपयोग जनता के लिए करने को लेकर उन्होंने नगर निगम को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
गाजियाबाद के विकास के बारे में सीएम योगी ने कहा कि आठ साल पहले गाजियाबाद में 12 लेन के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे के बारे में कोई नहीं सोच सकता था। आज गाजियाबाद में देश की पहली रैपिड रेल, 12 लेन हाईवे, मेट्रो, एयरपोर्ट सब कुछ है।
इंटीग्रेटेड आफिस कांप्लेक्स के तहत विभागों के दफ्तर एक छत के नीचे लाने और पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय के जरिये मुख्यालय के रूप में सुरक्षा व बेहतरीन कानून व्यवस्था के बारे में भी अधिकारियों से कहा गया। समीक्षा बैठक में दूधेश्वरनाथ मंदिर कारिडोर निर्माण के लिए तैयारियां तेज करने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि दुनिया की 50 और प्रदेश की पहली स्वच्छ सिटी के रूप में गाजियाबाद का नाम आ रहा है। पिछले कुछ वर्षों में गाजियाबाद में हरियाली बढ़ी है और यह सुंदर सिटी के रूप में आगे बढ़ी है। यहां कूड़े के ढेर समाप्त हुए और सिटी फारेस्ट के रूप में नया मॉडल देखने को मिल रहा है।
उन्होंने हिंडन के दोनों तरफ पौधारोपण के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आज से आठ साल पहले गाजियाबाद के अपराध पर फिल्म बनती थी लेकिन अब जिले की विकास गाथा गाई जाती है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्यमंत्री असीम अरुण, नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, बागपत के सांसद राजकुमार सांगवान, महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा, मंजू सिवाच, नंदकिशोर गुर्जर, अजीत पाल त्यागी मौजूद थे।
