गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन क्षेत्र में बारिश से जलभराव और जाम से जूझे लोग, हादसे का बना खतरा
ट्रांस हिंडन क्षेत्र में वर्षा के बाद जलभराव और भीषण जाम से लोग दिनभर परेशान रहे, जिससे हादसों का खतरा ...और पढ़ें

भोपुरा तिराहे और इंदिरापुरम के न्याय खंड- एक में भरा वर्षा का पानी।
HighLights
ट्रांस हिंडन क्षेत्र में वर्षा से जलभराव और जाम की समस्या।
इंदिरापुरम में खोदाई वाले स्थानों पर हादसे का खतरा।
नालों की सफाई के दावों के बावजूद कई इलाकों में जलभराव।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में मंगलवार को हुई वर्षा के बाद जलभराव और जाम की समस्या से लोग दिन भर जूझते रहे। इंदिरापुरम क्षेत्र में निर्माण कार्याें के चलते खोदाई वाले स्थानों पर हादसे का खतरा भी बना रहा।
लोगों का आरोप है कि कई जगह नगर निगम ने अभी तक बैरिकेडिंग नहीं कराई है। गलियों से लेकर पार्क तक में पानी भरने से आवाजाही प्रभावित हुई। नालों की सफाई के दावे करने के बावजूद भी लोगों ने आफत झेली।

इंदिरापुरम के काला पत्थर रोड पर भरा वर्षा का पानी।
वैशाली के सभी सेक्टर की गलियों में जलभराव हो गया। सेक्टर-3एफ आरडब्ल्यूए अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह भदोरिया ने बताया कि थोड़ी वर्षा होने पर भी गलियों में पानी भर जाता है।

पार्क में वाटर होस्टेस होने के बाद भी हुआ जलभराव
स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी दावा करते हैं कि समस्या से निजात दिलाएंगे लेकिन ऐसा नहीं होता है। पार्क में वाटर होस्टेस होने के बावजूद जलभराव हो रहा है।

लक्ष्मी गार्डन नाला रोड पर भरावर्षा का पानी।
नालियों की सफाई न कराए जाने से गंदगी सड़कों पर बहती है। इसके अलावा भौपुरा चौक पर भारी जलभराव की स्थित रही और वाहन फंसे दिखाई दिए।

स्थानीय निवासी सोनू ने बताया कि हर बार चौक पर जलभराव होने से हादसे होते हैं। जर्जर सड़कों को भी नहीं बनाया गया है। न्यायखंड- 2 काला पत्थर रोड पर जलभराव होने से दुकानदारों को परेशानी झेलनी पड़ी।
दुकानों के सामने पानी भरने से ग्राहक भी नहीं आए। ऐसे ही इंदिरापुरम स्थित सुपरटेक आइकन सोसायटी के सामने जलभराव रहा। स्थानीय लोगों ने पार्षद पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर की। कई जगह दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए।

इन इलाकों में रहा जलभराव
अर्थला, राजेंद्रनगर, कड़कड़ माडल, सौर ऊर्जा मार्ग, कौशांबी, ब्रज विहार, सूर्यनगर, चंद्रनगर, शालीमार गार्डन, न्यायखंड, शक्तिखंड, ज्ञानखंड, कनावनी, वसुंधरा सेक्टर-11, 15, 16, 17, एलिवेटेड रोड के नीचे, हिंडन बैराज के पास और खोड़ा के अलग-अलग इलाकों में भारी जलभराव रहा।
जलभराव से थमी वाहनों की रफ्तार
सीमापुरी बार्डर से मोहननगर आने वाले मार्ग पर जलभराव से जाम की स्थिति बनी रही। इसकी शिकायत ट्रांस हिंडन वेलफेयर फोरम ने की है। सचिव जुगल किशोर सरना ने बताया कि वर्षा के अलावा अन्य दिनों में भी मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके अलावा साहिबाबाद रेलवे अंडरपास में पानी भरने से दिनभर जाम लगा रहा।
साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र को जाने वाले मार्ग पर भी जाम की स्थिति रही। खासकर शाम के समय लोग जाम में फंसे। इसके अलावा शिप्रा अंडरपास में भी जाम लगने से नोएडा से आने-जाने वाले लोगों को मिनटों का सफर घंटों में पूरा करना पड़ा।
