ट्रांस हिंडन में गहराया जल संकट, वैशाली और वसुंधरा में दूषित पानी की मार
ट्रांस हिंडन के वैशाली, वसुंधरा सहित कई इलाकों में दूषित और कम दबाव वाले पानी की समस्या गंभीर हो गई ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
वैशाली सेक्टर तीन-एफ में तीन साल से दूषित पानी की समस्या।
वसुंधरा सेक्टर-तीन में भी सीवर की दुर्गंध वाला पानी।
जलकल विभाग महाप्रबंधक से शिकायत, जांच का आश्वासन मिला।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन के लोगों को कम प्रेशर और दूषित पानी की आपूर्ति से लोगों को राहत मिलने का नाम नहीं ले रही है। रोजाना कहीं न कहीं पानी की समस्या रहती है।
शुक्रवार को भी कहीं दूषिता पानी की आपूर्ति हुई तो कहीं इतने कम प्रेशर से पानी आया कि लोग टंकी में स्टोर नहीं कर सके।
वैशाली सेक्टर तीन-एफ में आए दिन दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। यह समस्या करीब तीन वर्ष से बनी हुई है। लोगों ने बताया कि पानी से इतनी दुर्गंध आती है कि अग हाथ धो लेते हैं तो बदबू आती रहती है।
जलकल विभाग के महाप्रबंधक से की शिकायत
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष धीरेंद्र भदौरिया ने इसकी शिकायत जलकल विभाग के महाप्रबंधक से की है। उनका कहना है कि वाटर टैंक और पेयजल लाइन की एक बार जांच जरूर होनी चाहिए।
सीवर और पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से घरों में दूषित पानी आने की संभावना है। स्थानीय लोगों का कहना है सीवर और पानी के नाम पर टैक्स तो लिया जाता है, लेकिन इन दोनों ही समस्याओं से जूझना पड़ता है।
आए दिन दुकानों से बोतलबंद पानी खरीदकर गुजारा करना पड़ता है। इसके अलावा वसुंधरा सेक्टर-तीन में भी दूषित पानी की आपूर्ति हुई। स्थानीय निवासी सुधीर कुमार ने बताया कि पानी में से सीवर की दुर्गंध आ रही है।
इन इलाकों में कम प्रेशर से हुई पानी की आपूर्ति
डेल्टा कालोनी के चंदर नगर, कड़कड़ माडल और भोपुरा की डिफेंस कालोनी में कम प्रेशर से पानी की आपूर्ति हुई। लोगों ने बताया कि रोजाना एक से डेढ़ घंटे पानी की आपूर्ति होती है। शुक्रवार को 20 से 30 मिनट ही पानी आया। इससे टंकियों में पानी स्टोर नहीं कर पाए।
जिन इलाकों में दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायत आ रही है वहां लाइन की जांच कराई जा रही है। जो भी समस्याएं हैं उन्हें दूर किया जाएगा।
-केपी आनंद, महाप्रबंधक, जलकल विभाग।
