गाजियाबाद: विजयनगर में चोरी की घटनाओं से आक्रोशित लोगों का सड़क पर प्रदर्शन, अब खुद रात में करेंगे गश्त
गाजियाबाद के विजयनगर सेक्टर-9 में लगातार चोरी की घटनाओं से परेशान निवासियों ने पुलिस की निष्क्रियता के खिलाफ सड़क पर ...और पढ़ें
-1790993784991_m.webp)
परेशान लोगों का आक्रोश सड़क पर आया। जागरण
HighLights
विजयनगर सेक्टर-9 में लगातार चोरी की घटनाओं से लोग परेशान।
निवासियों ने पुलिस की निष्क्रियता पर सड़क पर उतरकर विरोध किया।
सुरक्षा के लिए युवाओं ने रात में गश्त करने का निर्णय लिया।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद के विजयनगर सेक्टर-9 स्थित जी और एफ ब्लॉक में लगातार चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं से परेशान लोगों का आक्रोश सड़क पर आ गया। एफ और जी ब्लाक के स्थानीय लोगों ने शुक्रवार देर रात को इलाके में मार्च निकाला।
लोगों ने कहा कि पुलिस के भरोसे बैठने के बजाय अब वे खुद रात में अपने इलाके की निगरानी करेंगे। इसके लिए स्थानीय युवाओं ने दल बनाकर रात में गश्त शुरू करने की बात कही है।
घरों की सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित
वहीं, जी ब्लाक निवासी वीरेंद्र कुमार गुप्ता का कहना है कि पिछले दो माह में एफ और जी ब्लाक में चार से पांच चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके अलावा करीब 10 बार चोरी के प्रयास किए गए हैं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण लोगों में डर बना हुआ है। उनका कहना है कि घरों की सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित हैं और रात में सतर्क रहने के लिए आपस में निगरानी व्यवस्था बनाई जा रही है।
गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस से शिकायतें भी की गई हैं। कुछ मामलों में मुकदमे दर्ज होने के बावजूद चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
लोगों का कहना है कि रात के समय संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अब युवा समूह बनाकर इलाके में निगरानी करेंगे। शुक्रवार देर रात को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर निकले और मार्च के माध्यम से अपनी नाराजगी जताई।
लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की जांच करने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है।
