गाजियाबाद में ट्रेनों ने बढ़ाई यात्रियों की टेंशन, 3 घंटे की देरी से पहुंची दिल्ली-बरेली ईएमयू
मंगलवार को गाजियाबाद में 10 से अधिक ट्रेनें देरी से चलने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
गाजियाबाद में मंगलवार को 10 से अधिक ट्रेनें विलंबित हुईं।
दैनिक यात्रियों को कार्यालय और कॉलेज पहुँचने में कठिनाई हुई।
कई यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करना पड़ा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। यात्रियों को मंगलवार को रेलवे की अव्यवस्था का खामियाजा भुगतना पड़ा। दिल्ली की ओर आने वाली कई ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देर से पहुंचीं।
10 से अधिक ट्रेनों के विलंबित होने से खुर्जा, अलीगढ़, हाथरस, हापुड़, मोदीनगर, मुरादनगर और दादरी समेत आसपास के क्षेत्रों से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा असर उन यात्रियों पर पड़ा, जिन्हें सुबह समय से कार्यालय या कालेज पहुंचना था।
मंगलवार को दिल्ली-बरेली ईएमयू करीब तीन घंटे की देरी से पहुंची। वहीं सूबेदारगंज-आनंद विहार ट्रेन लगभग एक घंटे 51 मिनट और उत्कल एक्सप्रेस एक घंटे 55 मिनट लेट रही। दिल्ली-जगाधरी एक्सप्रेस भी करीब एक घंटे 17 मिनट की देरी से चली।
यात्रियों की दिनचर्या पर पड़ा असर
दनकौर-दिल्ली ईएमयू लगभग 31 मिनट देर से पहुंची। जबकि बरेली-भुज एक्सप्रेस करीब 27 मिनट देरी से चली। इनके अलावा अलीगढ़-दिल्ली ईएमयू, हाथरस-दिल्ली ईएमयू और बुलंदशहर-गाजियाबाद ईएमयू के संचालन पर भी देरी का असर रहा।
यह भी पढ़ें- पहली ट्रेन लेट होने से छूटी दूसरी तो टिकट का पैसा डूबेगा या मिलेगा मुआवजा? जानिए रेलवे का कनेक्टिंग जर्नी बुकिंग नियम
सुबह के समय ट्रेनों में देरी होने का सीधा असर यात्रियों की दिनचर्या पर पड़ा। रोजाना ट्रेन से दिल्ली और आसपास के इलाकों में नौकरी के लिए आने वाले कई यात्री समय से अपने कार्यालय नहीं पहुंच सके।
वैकल्पिक साधनों का लेना पड़ा सहारा
कुछ यात्रियों को कार्यालय पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा। कालेज जाने वाले छात्रों की परेशानी भी कम नहीं रही। ट्रेन देर से आने के कारण कई छात्र निर्धारित समय पर कक्षाओं में नहीं पहुंच पाए।
रोजाना ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों का कहना है कि ट्रेन के समय में लगातार होने वाली अनिश्चितता से उनके कामकाज और पढ़ाई का कार्यक्रम प्रभावित हो रहा है।
यह भी पढ़ें- त्योहारों पर ट्रेन लेट करने वालों की अब खैर नहीं, 1000 रुपये का जुर्माना लगेगा; रेलवे की सख्त चेतावनी
