गाजियाबाद की वार्तालोक सोसायटी में आवारा कुत्तों का खौफ, घरेलू सहायिका पर हमला
वसुंधरा की वार्तालोक सोसायटी में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है, जहाँ एक कुत्ते ने घरेलू सहायिका को हाथ और पैर में काट लिया।

कुत्ते के काटने से घायल हुई घरेलू सहायिका। जागरण
HighLights
वसुंधरा की वार्तालोक सोसायटी में आवारा कुत्तों का आतंक।
एक कुत्ते ने घरेलू सहायिका को हाथ-पैर में काटा।
निवासियों ने नगर निगम से कुत्तों को पकड़ने की मांग की।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। वसुंधरा की वार्तालोक सोसायटी में आवारा कुत्तों का आतंक है। सोसायटी में सीढ़ियों पर बैठे कुत्ते ने घरेलू सहायिका को हाथ और पैर में काट लिया।
घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम में शिकायत करने पर केवल कुत्ते का वैक्सीनेशन होने की बात कह दी जाती है जबकि खूंखार कुत्तों को पकड़कर शेल्टर होम में रखना चाहिए।
वार्तालोक सहकारी आवास समिति लिमिटेड के अध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि यमुना खंड-3 में काम करने वालीं घरेलू सहायिका आशा पर अचानक से कुत्ते ने हमला कर हाथ और पैर में काट लिया।
शोर होने पर आसपास के लोगों ने उन्हें छुड़ाया। इस घटना के बाद से निवासियों में डर बना हुआ है। उन्हों ने बताया कि इसी कुत्ते ने जून माह में एसी ठीक करने वाले मैकेनिक को भी काट लिया था।
कुत्ता सभी आने-जाने वालों पर करता है हमला
कुत्ता सभी आने-जाने वाले लोगों पर हमला कर देता है, जिसकी वजह बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का घर के बाहर निकलना दूभर हो गया है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों को हर बार सूचित किया जाता है लेकिन कुत्ते को पकडॉ. नहीं जाता है। कुत्ते के कान पर घाव है, इससे संभवत: वह आक्रामक हो रहा है।
निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष त्रिपाठी को सूचना दी जाती रही है और दो दिन पहले हुई घटना की भी सूचना दी गई लेकिन परिणाम नहीं निकला।
लोगों ने नगर निगम से कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की है। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.. आशीष ने बताया कि मौके पर टीम को भेजकर कुत्ते को पकड़वाया जाएगा।
शेल्टर होम के लिए शासन को भेजा है प्रस्ताव
नगर निगम ने खूंखार कुत्तों को रखने के लिए शेल्टर होम बनाने की योजना पर काम शुरू कर लिया है।इसके लिए भूमि चिन्हित करने के बाद शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
निगम अधिकारियों का कहना है कि शासन से प्रस्ताव पास होने के साथ ही शेल्टर होम का काम शुरू कराया जाएगा। मेवला आगरी में 18000 वर्गमीटर जमीन इसके लिए चिन्हित की गई है।
यह भी पढ़ें- कुत्ते का काटना ज्यादा खतरनाक या बिल्ली का? समझें दोनों के अटैक में छिपे अलग-अलग जोखिम
