विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

10 साल बाद खुला अपार्टमेंट का महत्वपूर्ण गेट, गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार में 1292 परिवारों को बड़ी राहत

Published: Mon, 14 Sep 2026 05:01 PM (IST)

गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार स्थित गंगा-यमुना-हिंडन अपार्टमेंट में विधायक संजीव शर्मा ने 10 साल से बंद गेट नंबर-दो के रैंप ...और पढ़ें

दस साल से बंद गेट का रैंप हुआ तैयार। जागरण

दस साल से बंद गेट का रैंप हुआ तैयार। जागरण

HighLights

  1. विधायक संजीव शर्मा ने रैंप का लोकार्पण किया।

  2. दस साल से बंद गेट का अब होगा सुचारु उपयोग।

  3. 1,292 फ्लैट परिवारों को आवागमन में मिलेगी राहत।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद में सिद्धार्थ विहार स्थित गंगा-यमुना-हिंडन अपार्टमेंट में टावर वाई-4 और वाई-5 के पीछे स्थित गेट नंबर-दो के नार्थ-वेस्ट रैंप का रविवार को विधायक संजीव शर्मा ने लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में पार्षद पति संत राम यादव विशिष्ट अतिथि रहे। रैंप बनने से करीब 10 वर्ष से प्रभावी रूप से बंद पड़े गेट का अब सुचारु उपयोग हो सकेगा।

गंगा-यमुना-हिंडन अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अवनीश नाथ त्रिपाठी ने बताया कि आवास विकास परिषद ने सोसायटी निर्माण के समय गेट तो बनाया था, लेकिन रैंप नहीं होने के कारण इसका उपयोग नहीं हो पा रहा था।

यातायात का दबाव भी कम होगा

सोसायटी के सभी 1,292 फ्लैट बिक चुके हैं और लंबे समय से रैंप निर्माण की मांग की जा रही थी। भवन रख-रखाव समिति के अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि रैंप बनने से निवासियों का आवागमन सुरक्षित होने के साथ मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव भी कम होगा।

उन्होंने बताया कि आवास विकास परिषद से लगातार मांग के बावजूद काम नहीं हुआ तो आरडब्ल्यूए ने अपने स्तर पर रैंप का निर्माण कराया। इससे वर्षों से बंद गेट का रास्ता खुल गया है।

इस कार्यक्रम में रंजन शर्मा, शंकरलाल वत्स, जीपी भट्ट, सुशील चंद्रा, अरविंद राय समेत आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और बड़ी संख्या में निवासी मौजूद रहे।