विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लाखों के फ्लैट, लेकिन घर के बाहर बदबू और सीवर का पानी; गाजियाबाद के पॉश इलाकों में कब खत्म होगी यह मुसीबत?

Published: Thu, 03 Sep 2026 06:59 PM (IST)

ट्रांस हिंडन क्षेत्र, खासकर इंदिरापुरम और वैशाली में सीवर ओवरफ्लो की गंभीर समस्या है, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।

गलियों में भरा सीवर का पानी। जागरण

गलियों में भरा सीवर का पानी। जागरण

HighLights

  1. इंदिरापुरम और वैशाली में सीवर ओवरफ्लो की गंभीर समस्या।

  2. घरों से बाहर निकलना मुश्किल, संक्रमण का खतरा बढ़ा।

  3. नगर निगम पर कार्रवाई न करने का आरोप, मुख्य लाइन सफाई की मांग।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में सीवर की समस्या विकट होती जा रही है। खासकर इंदिरापुरम और वैशाली में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। आलम यह है कि लोगों का घर से बाहर निकाला भी मुश्किल हो रहा है।

वैशाली सेक्टर-3 और इंदिरापुरम के न्यायखंड में लोगों ने सीवर ओवरफ्लो की शिकायत की है। आरोप है कि इसके बाद भी नगर निगम के कर्मचारी सफाई के लिए नहीं आते हैं।

वार्ड-79 के तहत न्यायखंड-1 में मकान संख्या-738 जी के सामने सीवर का पानी अधिक मात्रा में भरा हुआ है।इस बारे में स्थानीय निवासी प्रमोद तिवारी ने बताया कि शुक्रवार की रात यहां के निवासियों के द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का कार्यक्रम भी होना है, जिसकी वजह से यहां निवासियों को आने-जाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों में गंदगी के कारण संक्रमण फैलने की भी आशंका बनी हुई है। इसके अलावा वैशाली सेक्टर-3 में सीवर ओवरफ्लो की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि एक जगह सीवर ठीक करने पर दूसरी जगह खराब हो जाता है।

निगम में शिकायत के बाद भी कोई नहीं आया

ब्लॉक की एक गली में सीवर ओवरफ्लो होने से पानी भर गया है। निगम में इसकी शिकायत भी की गई है लेकिन पूरे दिन कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं आया। गली में जलभराव रहने से आवाजाही में भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

गली में गंदा पानी घरों के सामने भरा पड़ा है। स्थानीय निवासी प्रिया ने बताया कि गली में पानी भरे होने से घरों से निकलना भी मुश्किल है।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि सीवर की मेन लाइन साफ कराने की मांग निगम अधिकारियों से की गई है।

जब तक मेन लाइन की सफाई नहीं कराई जाती है तब तक समस्या जस की तस बनी रहेगी। नगर निगम के अवर अभियंता सोमेंद्र तोमर ने बताया कि गली से जल निकासी कराई जाएगी।