विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कतर और दुबई में फंसे गाजियाबाद के लोग, ईरान-इजरायल युद्ध से दहशत का माहौल

Published: Sun, 01 Mar 2026 07:51 PM (IST)

निधि सोलोमन कतर के दोहा में ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध के कारण मिसाइल हमलों के बीच फंसी हैं, जहां उन्हें हर पल डर सता रहा है।

कतर के दोहा में सड़कों पर पसरा सन्नाटा। सौ. सुधी पाठक

कतर के दोहा में सड़कों पर पसरा सन्नाटा। सौ. सुधी पाठक

HighLights

  1. शालीमार गार्डन एक्सटेंशन दो की रहने वालीं निधि सोलोमन कतर के दोहा में फंसी

  2. वहीं, इंदिरापुरम निवासी एमबीए छात्रा और घूमने गए दंपति दुबई में फंसे

  3. मिसाइल हमलों के बीच भारतीय दूतावास लगातार कर रहा मदद।ॉ

राहुल कुमार, साहिबाबाद। आम दिनों में आसमां की ओर देखने पर चहकते हुए पक्षी और रात में चांद-तारे ही दिखाई देते थे, लेकिन अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध के चलते सब बदल गया है। अब आसमां की तरफ आंखें उठाकर देखते हैं तो मिसाइल दिखाई दे रही हैं।

लगातार दागी जा रहीं मिसाइलों की आवाज के साथ ही अलर्ट सायरन सुनाई दे रहे हैं। इरान के हमलों की इन आवाजों के बीच मानों सांसें गले में अटक गई हों। हर पल ये डर सता रहा है कि कब कोई मिसाइल आकर गिर जाए। ये कहना है कतर के दोहा में फंसी निधि सोलोमन का।

 गले में अटकी सांसें, पता नहीं कब क्या हो जाए?

शालीमार गार्डन निवासी निधि सोलोमन बीते छह वर्ष से कतर के दोहा में एक निजी कंपनी में नौकरी कर रही हैं। वह कंपनी में बिजनेस डेवलेपमेंट ऑफिसर हैं। कुछ माह के लिए वह गाजियाबाद आई हुई थीं। वह 25 मार्च की देर रात ही वापस दोहा स्थित पीजी पहुंची हैं। उन्हें इसका बिल्कुल भी अहसास नहीं था कि वह यहां फंस जाएंगी। क्योंकि स्थिति पूरी तरह से सामान्य थी।

निधि ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब 10 बजे से ही यहां मिसाइलों से हमले शुरू हो गए थे। उन्होंने इसका एक वीडियो भी जारी किया है। उनका कहना है कि वैसे ज्यादातर मिसाइलों को आसमान में ही मार गिराया जा रहा है, लेकिन फिर भी डर लगा हुआ है कि कहीं कोई मिसाइल आकर न गिर जाए।

यहां वह अकेली नहीं हैं बल्कि उनके साथ फिलिपिंस, श्रीलंका व दक्षिणी भारत के केरल की भी करीब 12 से 15 लड़कियां हैं। हर किसी का परिवार हाल जानने के लिए लगातार काल कर संपर्क साधे हुए हैं। हर 10 से 15 मिनट में मोबाइल की घंटी बज रही है। सभी के परिवार में अपनों की सुरक्षा को लेकर दहशत बनी हुई है।

दूतावास लगातार साध रहा संपर्क

निधि ने बताया कि दूतावास की ओर से लगातार संपर्क साधा जा रहा है। कोई भी समस्या होने पर मदद के लिए दूतावास की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। जिस पर कभी भी काल कर सकते हैं। इसका अलर्ट भी लगातार आ रहा है। सरकार की ओर से पूरा सहयोग मिल रहा है। स्थिति को देखने के लिए लगातार न्यूज चैनल और इंटरनेट मीडिया से जुड़े हुए हैं।

दुबई में दंपति और एमबीए की छात्रा भी फंसी

सूत्रों ने बताया कि दुबई में इंदिरापुरम के शक्ति खंड निवासी एक एमबीए की छात्रा फंसी हुई है। वह कनाडा से फ्लाइट से भारत के लिए आ रही थीं। दुबई से उन्हें कनेक्टिविटी फ्लाइट लेनी थी। इसी दौरान युद्ध का माहौल बनने से फ्लाइट पूरी तरह से बंद कर दी गईं।

वह अभी तक वहीं फंसी हुई हैं। इसके अलावा इंदिरापुरम के वैभव खंड की गौड़ ग्रीन सिटी सोसायटी के एक नवविवाहित दंपति भी दुबई घूमने के लिए गए थे। वह भी वहां फंसे हुए हैं। एयरलाइंस की ओर से उन्हें होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई है। दोनों ही मामलों में स्वजनों ने बात करने से मना किया है।