गाजियाबाद रावण पुतला धमाका: पति के बाद बेटे की मौत से सीमा का परिवार तबाह
गाजियाबाद के साहिबाबाद में रावण के पुतले में पटाखे भरते समय हुए धमाके ने पिलखुवा के रमपुरा के एक परिवार ...और पढ़ें

गाजियाबाद रावण पुतला धमाका: पति के बाद बेटे की मौत से सीमा का परिवार तबाह ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
साहिबाबाद में रावण पुतले में पटाखे भरते समय हुआ धमाका।
हादसे में पहले पति अनिल, फिर बेटे ऋषभ की मौत हुई।
सीमा ने पति और जवान बेटे को खोया, परिवार सदमे में।
जागरण संवाददाता, हापुड़। गाजियाबाद के साहिबाबाद के लाजपत नगर में रावण के पुतले में पटाखे भरते समय हुआ धमाका पिलखुवा के रमपुरा की सीमा के परिवार के लिए ऐसा जख्म दे गया, जो शायद कभी नहीं भर पाएगा।
हादसे में पहले पति अनिल की मौत हुई और अब बृहस्पतिवार को घायल बेटे ऋषभ ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पति और बेटे को खोने के बाद सीमा बेसुध है।
खुशियों से आबाद रहने वाला घर मातम में बदला
कभी परिवार की खुशियों से आबाद रहने वाला घर अब मातम में डूबा है। सोमवार सुबह साहिबाबाद में रावण के पुतले में पटाखे भरते समय अचानक आग लगने के बाद भीषण धमाका हुआ था। हादसे में पिलखुवा के रमपुरा के 50 वर्षीय अनिल पुत्र जगदीश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
हादसे में उनके 25 वर्षीय बेटे ऋषभ और 22 वर्षीय रानू समेत अन्य कारीगर भी घायल हुए थे। ऋषभ की हालत गंभीर होने पर उसका उपचार चल रहा था, लेकिन बृहस्पतिवार को उसने भी दम तोड़ दिया।
पति के बाद बेटे ने भी छोड़ा साथ
अनिल की मौत के बाद परिवार किसी तरह इस सदमे से उबरने की कोशिश कर ही रहा था कि बृहस्पतिवार को ऋषभ की मौत की खबर ने सीमा को तोड़कर रख दिया। पति के बाद जवान बेटे को खोने का दर्द वह सह नहीं पा रही हैं। स्वजन के मुताबिक, सीमा बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। घर में चीख-पुकार मची है और हर आंख नम है।
रोजी रोटी का संकट मंडराया
अनिल की पत्नी सीमा ने बताया कि वह गृहिणी हैं। उनके पांच बेटे लक्की, पंकज, लव, ऋषभ और रानू हैं। परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले अनिल के बाद अब ऋषभ की मौत ने परिवार को दोहरा आघात दिया है। जिस पुश्तैनी काम से परिवार की रोजी-रोटी चलती थी, उसी काम ने एक ही हादसे में परिवार से पिता और बेटे को छीन लिया।
