MBA 'राम' और MCA 'सीता'; गाजियाबाद की इस रामलीला का 'रावण' भी है MNC का डायरेक्टर
ट्रांस हिंडन की रामलीला कमेटियों ने मंचन की तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिसमें एमबीए छात्र शिवम राम और एमसीए छात्रा सुहांगी रावत सीता का किरदार निभाएंगी।

राम और सीता का किरदार निभाने वाले शिवम और सुहांगी।
HighLights
एमबीए छात्र शिवम राम, एमसीए छात्रा सुहांगी सीता का किरदार निभाएंगे।
मल्टीनेशनल कंपनी के डायरेक्टर पंकज सिंह रावण की भूमिका में होंगे।
कलाकार मंचन अवधि में सात्विक जीवन शैली का पालन कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन की रामलीला कमेटियों ने मंचन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान, दशरथ, रावण, सूर्पनखा, विश्वामित्र, श्रवण कुमार का किरदार निभाने वाले कलाकारों के चयन के साथ ही अभ्यास भी शुरू कर दिया है।
न्याय खंड-एक की जय बद्री केदार रामलीला समिति के मंचन में एमबीए प्रथम वर्ष के छात्र शिवम और एमसीए की छात्रा सुहांगी रावत सीता का किरदार निभाएंगी। इसको लेकर दोनों ही छात्र उत्साहित हैं।
रामलीला के दौरान कैसा जीवन जीते सीता राम और लक्ष्मण?
श्रीराम का किरदार निभाने वाले शिवम रावत ने बताया कि रामलीला मंचन अवधि के दौरान रोजाना बेड के बजाय जमीन पर सोता हूं। आहार, व्यवहार, विचारों और वाणी पर संयम रखता हूं और आहार पूर्ण शाकाहारी व सात्विक खाता हूं।
सीता का किरदार निभाने वालीं सुहांशी रावत एमसीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। उन्होंने बताया कि माता सीता का किरदार निभाने के लिए रामलीला अवधि के दौरान आज की फैशन की दुनिया को त्याग कर साधारण जीवन जीती हूं। सात्विक शाकाहारी भोजन खाती हूं।
लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले हार्दिक रावत बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान मंच और मंच के बाहर की दिनचर्या में संतुलन रखता हूं। लक्ष्मण का किरदार वीर रस से भरा है किंतु अहंकार का त्याग करता हूं।
समिति की संरक्षक मीना भंडारी ने बताया कि रामलीला पूर्वाभ्यास चल रहा है। इसमें निर्देशक विपिन भट्ट, बृजमोहन नेगी अनिल नैथानी और राजेश ममगई कलाकारों को तराशने का कार्य बारीकी से कर रहे हैं।
रावण का किरदार निभाएंगे मल्टीनेशनल कंपनी के डायरेक्टर पंकज सिंह
रामलीला में रावण का किरदार मल्टीनेशनल कंपनी के डायरेक्टर पंकज सिंह निभाएंगे। इसके अलावा भरत का किरदार अमन बडोला, शत्रुघ्न का किरदार कृष नैलवाल, दशरथ का किरदार बीएसएफ से सेवानिवृत्त बृजमोहन नेगी, हनुमान का किरदार अनुभव ध्यानी, परशुराम का किरदार विपिन भट्ट, जनक का किरदार जगदीश रावत, विश्वामित्र का किरदार हरपाल सिंह बुटोला, श्रवण कुमार का किरदार यश कन्नौजिया निभाएंगे।
इसके अलावा माता कौशल्या का किरदार उर्मिला बर्थवाल, कैकई का थियेटर आर्टिस्ट सविता पंत, सुमित्रा का विमला रावत और सुनैना का किरदार रेखा गुसांई निभाएंगी। साथ ही सूर्पनखा का किरदार मेकअप आर्टिस्ट ममता बिष्ट निभाएंगी।
