नहाने के लिए खरीद रहे 20 लीटर की बोतलें! वैशाली में दूषित पानी और ट्रांस हिंडन में बिजली कटौती से हाहाकार
ट्रांस हिंडन के निवासियों को बिजली कटौती और दूषित पानी की समस्या से लगातार जूझना पड़ रहा है, जहां शिकायतें करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं मिल रहा है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
ट्रांस हिंडन में बिजली-पानी की समस्या से लोग परेशान
वैशाली सेक्टर-5 में पांच दिन से सीवर जैसी गंध वाला पानी
कई इलाकों में मेंटेनेंस और पेड़ों की छंटाई से बिजली कटौती
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन के विभिन्न इलाकों में लोगों को बिजली-पानी की समस्या से राहत नहीं मिल रही है। कहीं बिजली कटौती हो रही है तो कहीं दूषित पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बुधवार को भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। लोग अधिकारियों से गुहार लगाते रहे, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही।
वैशाली सेक्टर-पांच में बीते पांच दिन से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। लोगों ने बताया कि मोटर चालू करने पर जैसे ही पानी आता है उसमें से सीवर की दुर्गंध आती है।
20-20 लीटर की खरीदनी पड़ती है बोतल
इस पानी का उपयोग पीने के लिए तो दूर की बात अन्य किसी भी कार्य के लिए नहीं कर पाते हैं। जो भी कार्य करना होता है उसके लिए पानी खरीदना पड़ता है।
कई बार नहाने के लिए भी 20-20 लीटर की बोतल खरीदनी पड़ती हैं। जलकल विभाग को स्थायी समाधान करने की जरूरत है। रामप्रस्थ कॉलोनी में भी दूषित पानी की आपूर्ति होने से लोग दिनभर परेशान रहे।
कॉलोनी में अमन सैनी ने बताया कि मंगलवार शाम और बुधवार सुबह में दूषित पानी की आपूर्ति हुई, जिससे टंकी में स्टोर पानी भी पूरी तरह से खत्म हो गया।
पेड़ों की छंटाई के चलते इन इलाकों में हुई कटौती
मेंटेनेंस कार्य और पेड़ों की छंटाई के चलते बुधवार को अभय खंड, ज्ञान खंड-एक, दो, तीन, मकनपुर, न्याय खंड-एक, जज कॉलोनी, अंतरिक्ष कॉलोनी, अंबा रेजीडेंसी, आशियाना, उपवन, अहिंसा खंड-दो, लाजपत नगर की बिजली आपूर्ति सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक अलग-अलग समय पर बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
इसके अलावा शिप्रा सनसिटी कंपाउंड की सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। शालीमार गार्डन में भी पेड़ों की छंटाई के चलते तीन घंटे बिजली कटौती हुई। वहीं भोपुरा की कृष्णा विहार कुटी और डिफेंस कॉलोनी में भी दिनभर में चार घंटे बिजली गुल रही।
जलकल विभाग के महाप्रबंधक केपी आनंद का कहना है कि सभी इलाकों में आपूर्ति सामान्य है। अगर कहीं से शिकायत आती है तो समाधान कराया जाएगा।
रोजाना की बिजली कटौती से बुरा हाल है। जब भी शिकायत करते हैं तो अधिकारी जल्द आपूर्ति सामान्य होने के आश्वासन देते हैं। समस्या जस की तस बनी रहती है।
-बिजनेश पाठक, निवासी, कृष्णा विहार कुटी।
विद्युत निगम का इंफ्रास्ट्रक्चर इतना कमजोर है कि बार-बार फाल्ट होते रहते हैं। जबकि हर साल करोड़ों का बजट बिजली सुधार पर खर्च किया जा रहा है।
-राहुल, निवासी, कृष्णा विहार कुटी।
बेहतर आपूर्ति के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। मेंटेनेंस कार्यों के चलते कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। लोगों को इसकी सूचना पहले ही दे दी गई थी।
-बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम जोन-तीन।
