NCR में 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों पर शिकंजा, गाजियाबाद में 32 गाड़ियां जब्त
एनसीआर में 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ...और पढ़ें

एनसीआर में आयु पूरी कर चुके वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान।
HighLights
एनसीआर में पुराने वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान जारी।
गाजियाबाद में दो दिनों में 32 वाहन जब्त।
10 साल डीजल, 15 साल पेट्रोल वाहनों पर रोक।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आयु सीमा पूर्ण कर चुके वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। 10 वर्ष से अधिक पुराने डीजल और 15 वर्ष से अधिक पुराने पेट्रोल वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन दल गठित किए गए हैं।
गाजियाबाद में पिछले दो दिनों के दौरान अभियान के तहत 32 वाहनों को जब्त कर अधिकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा केंद्र (आरवीएसएफ) के सुपुर्द किया गया है।
पंजीकृत स्क्रैपिंग केंद्रों के माध्यम से स्क्रैप कराया जाएगा
अभियान के दौरान आयु सीमा पूरी कर चुके एंड ऑफ लाइफ (ईओएल) वाहनों को निरुद्ध अथवा जब्त कर नियमानुसार पंजीकृत स्क्रैपिंग केंद्रों के माध्यम से स्क्रैप कराया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस और जनपदीय पुलिस के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है।
मंगलवार को गाजियाबाद में पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा केंद्रों के संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रवर्तन के बाद प्राप्त होने वाले ईओएल वाहनों की समयबद्ध स्क्रैपिंग, निर्धारित मानकों का पालन और आवश्यक अभिलेख सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
आयु सीमा पूर्ण कर चुके वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाना उद्देश्य
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्क्रैपिंग प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएगी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अमित राजन राय ने बताया कि विशेष अभियान का उद्देश्य एनसीआर में निर्धारित आयु सीमा पूर्ण कर चुके वाहनों के संचालन पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कठोर प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी। परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की आयु और वैध दस्तावेजों की जांच कर लें तथा 10 वर्ष पूरे कर चुके डीजल और 15 वर्ष पूरे कर चुके पेट्रोल वाहनों का संचालन बंद कर उन्हें अधिकृत आरवीएसएफ के माध्यम से नियमानुसार स्क्रैप कराएं।
