गाजियाबाद से नोएडा जाना हुआ आसान, अब हर आधे घंटे में मिलेगी इलेक्ट्रिक बस; जानें टाइमिंग और किराया
नोएडा अथॉरिटी ने मोहननगर से परी चौक के लिए ई-बस सेवा शुरू की है, जिससे छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को ...और पढ़ें

ई-बसें।
HighLights
मोहननगर से परी चौक के लिए ई-बस सेवा शुरू।
सुबह-शाम हर आधे घंटे पर मिलेंगी बसें।
मोहननगर से परी चौक तक का किराया 50 रुपये।
राहुल कुमार, साहिबाबाद। नोएडा आथोरिटी ने मोहननगर से परी चौक और परी चौक से मोहननगर के लिए ई-बस सेवा शुरू कर दी है। रोजाना सुबह और शाम को हर आधे घंटे पर तीन-तीन ई-बसों का संचालन किया जाएगा। इससे छात्रों के साथ ही नौकरीपेशा लोगों को सबसे अधिक राहत मिलेगी।
सलाहकार संचालन इलेक्ट्रिक डिपो नोएडा राजेश कुमार ने बताया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के लोग ई-बसों के संचालन की मांग कर रहे थे। मांग और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ई-बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है।
ये होगी टाइमिंग
मोहननगर से रोजाना सुबह 7:00, 7:30 और 8:00 बजे ई-बस मिलेगी, जो मोहननगर से हापुड़ चुंगी, शास्त्रीनगर चौराहा, रजापुर गांव, कोलंबिया हास्पिटल, महरौली, लालकुआं, नोएडा सेक्टर-62, सेक्टर-51, सिटी सेंटर, सेक्टर-37, एडवांट नेविस पार्क होते हुए परी चौक पहुंचेगी।
परी चौक से शाम 5:00, 5:30 और 6:00 बजे बस संचालित होगी। मोहननगर से परी चौक तक का किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद से बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग और स्कूलों में पढ़ने के लिए नोएडा जाते हैं। साथ ही हजारों लोग नौकरी करने के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा पहुंचते हैं। ई-बसों के संचालन से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
10 बसों को भी नोएडा भेजा गया, चार रूटों पर संचालन बंद
गाजियाबाद में बची हुईं 10 ई-बसों को भी नोएडा भेज दिया गया है। अब कौशांबी से मुरादाबाद, मथुरा, आगरा और कश्मीरी गेट से नजीबाबाद के लिए बसों का संचालन नहीं हो पाएगा। इन रूटों पर पहले से जो साधारण और एसी बसें संचालित थीं वही चलती रहेंगी। दरअसल, जिले को 38 ई-बसें मिली थीं, जिनमें से 28 बसों को पहले भी नोएडा को दे दिया जा चुका है।
इस तरह निर्धारित किया गया किराया
किलोमीटर किराया
एक से 10 किमी- 20 रुपये
11 से 20 किमी- 30 रुपये
21 किमी से ऊपर- 50 रुपये
किसी भी जानकारी के लिए यात्री इस नंबर पर कर सकेंगे कॉल
नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो पूछताछ केंद्र का हेल्पलाइन नंबर : 8800376770
(नोट : हेल्पलाइन नंबर पर सुबह छह से 10 बजे तक सुविधा रहेगी।)
