गाजियाबाद में 12वीं मंजिल से गिरकर नेशनल चैंपियन प्राची की मौत, दो दिन पहले जीता था गोल्ड मेडल
गाजियाबाद की राजनगर रेजीडेंसी में 14 वर्षीय राष्ट्रीय रोप स्कीपिंग चैंपियन प्राची राजपूत की 12वीं मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

गोल्ड मेडलिस्ट प्राची की मौत। फाइल फोटो एडिटेड बाई एआई
HighLights
14 वर्षीय राष्ट्रीय चैंपियन प्राची राजपूत की संदिग्ध मौत।
गाजियाबाद की राजनगर रेजीडेंसी में 12वीं मंजिल से गिरी।
दो दिन पहले ही रोप स्कीपिंग में स्वर्ण पदक जीता था।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की राजनगर रेजीडेंसी सोसायटी में शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थिति में 12वीं मंजिल से गिरकर 14 वर्षीय प्राची राजपूत की मौत हो गई। प्राची डीडीपीएस स्कूल संजयनगर में कक्षा नौ की छात्रा थी।
दो दिन पहले ही वह महाराष्ट्र के शिरडी में हुई सीबीएसई नेशनल रोप स्कीपिंग प्रतियोगिता स्वर्ण पदक जीतकर लौटी थी।
राजनगर रेजीडेंसी के जी टावर पर 12वीं मंजिल स्थित फ्लैट निवासी सुरेश चंद बहुराष्ट्रीय कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर हैं।
शुक्रवार रात घर पर उनकी पत्नी, 14 वर्षीय बेटी प्राची, छोटी बेटी और सास-ससुर मौजूद थे। रात करीब नौ बजे उनकी प्राची राजपूत बालकनी में कपड़े उतारने गई थी। इसी दौरान वह जी ब्लाक टावर पर बालकनी से नीचे गिर गई।
गिरते ही तेज आवाज होने पर सोसायटी में लोगों का ध्यान गया। किशोरी को तत्काल गंभीर हालत में संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो दिन पहले ही स्वर्ण जीतकर लौटी थी प्राची
डीडीपीएस के हेड आफ स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट चिराग चौधरी ने बताया कि प्राची पढाई के साथ खेल और संगीत में भी अव्वल थी। दो दिन पहले ही वह महाराष्ट्र में हुई सीबीएसई नेशनल रोप स्कीपिंग में डबल डच पेयर फ्री स्टाइल और डबल डच सिंगल फ्री स्टाइल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी थी। प्राची ने गत वर्ष भी स्वर्ण पदक जीता था। उसके स्वर्ण पदक जीतने पर स्वजन काफी खुश थे।
किशोरी की मौत की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जांच की है। प्राथमिक जांच में किशोरी के बालकनी से नीचे गिरने से मौत होना लग रहा है। मामले में जांच के बाद ही पता चलेगा कि किशोरी ने आत्महत्या की है या हादसा है।
-जियाउद्दीन अहमद, एसीपी नंदग्राम
